आगरा कॉलेज में महिला सशक्तिकरण पर जोर, छात्राओं को गुड टच –बेड टच की दी जानकारी
आगरा। आगरा कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा “मिशन शक्ति – 5.0” कार्यक्रम का आयोजन गणित विभाग स्थित मल्टीपरपज सभागार में उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भागीदारी की।
आगरा। आगरा कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा “मिशन शक्ति – 5.0” कार्यक्रम का आयोजन गणित विभाग स्थित मल्टीपरपज सभागार में उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भागीदारी की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और लक्ष्य गीत से हुआ, जिससे पूरा सभागार प्रेरणादायी वातावरण से गूंज उठा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य प्रो. चित्र कुमार गौतम ने की। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि “महिला सशक्तिकरण केवल अधिकार नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, सम्मान और आत्मविश्वास का प्रतीक है। शिक्षित और जागरूक महिला ही समाज को नई दिशा दे सकती है।”
मुख्य वक्ता प्रो. पूनम चांद ने “Good Touch – Bad Touch” विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए छात्राओं को शरीर की सुरक्षा, अनुचित व्यवहार की पहचान और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया। उनकी संवादात्मक शैली छात्रों के लिए बेहद प्रभावशाली रही।
प्रो. सुनीता गुप्ता ने हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 181 और 108 की जानकारी देते हुए आत्मरक्षा और सजगता का संदेश दिया। वहीं, चीफ प्रॉक्टर प्रो. विजय कुमार सिंह ने नारी सम्मान और उनके सर्वांगीण विकास पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. आनंद प्रताप सिंह ने आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महिलाओं की भूमिका और शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया। संचालन डॉ. सत्यदेव शर्मा ने ऊर्जावान शैली में किया।
इस अवसर पर डॉ. रविशंकर सिंह, डॉ. अविनाश जैन, डॉ. एस.पी. सिंह और डॉ. ललिता सिंह का विशेष योगदान रहा, जबकि डॉ. केशव सिंह, डॉ. अचिंत वर्मा, डॉ. शैलेन्द्र सिंह और डॉ. धर्मवीर सिंह भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ। कार्यक्रम का मूल संदेश “सशक्त नारी ही सशक्त भारत की आधारशिला है” रहा।