31 दिसंबर से पहले हर हाल में होंगी प्रायोगिक परीक्षाएं, आगरा कॉलेज ने बदला कार्यक्रम
आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के सख्त निर्देशों के अनुपालन में आगरा कॉलेज, आगरा ने शारीरिक शिक्षा, संगीत एवं गणित विभाग की प्रायोगिक परीक्षाओं की तिथियां घोषित कर दी हैं। साथ ही संगीत विभाग (गायन) की प्रायोगिक परीक्षा के कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। विश्वविद्यालय द्वारा आदेश पत्र संख्या CoE/141/2025 (दिनांक 15 दिसंबर 2025) के माध्यम से यह स्पष्ट किया गया है कि 31 दिसंबर 2025 तक सभी प्रायोगिक परीक्षाएं पूर्ण कर उनके अंक ऑनलाइन अपलोड करना अनिवार्य होगा।
आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि विश्वविद्यालयीय आदेश के क्रम में पूर्व घोषित कार्यक्रम में आवश्यक संशोधन करते हुए नई तिथियां जारी की गई हैं, ताकि किसी भी स्तर पर शैक्षणिक कार्य बाधित न हो।
शारीरिक शिक्षा विषय की प्रायोगिक परीक्षा
बी.ए., बी.एससी., बी.कॉम., एम.ए. एवं एम.एससी. प्रथम सेमेस्टर तथा बी.ए. एवं बी.एससी. पंचम सेमेस्टर के समस्त विद्यार्थियों की शारीरिक शिक्षा विषय की प्रायोगिक परीक्षा 27 एवं 28 दिसंबर 2025 को प्रातः 9:00 बजे से महाविद्यालय के पुस्तकालय के सामने स्थित खेल मैदान, शारीरिक शिक्षा विभाग के निकट होगी।
सभी विद्यार्थियों को खेल गणवेश (स्पोर्ट्स यूनिफॉर्म) में, अपनी फाइल एवं एडमिट कार्ड के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
गणित विभाग की प्रायोगिक परीक्षाएं 26 दिसंबर 2025 को प्रातः 11:00 बजे से कॊलेज के कक्ष संख्या 55, 57 एवं 58 और 27 दिसंबर 2025 को प्रातः 11:00 बजे से कक्ष संख्या 57 एवं 58 में होंगी।
संगीत विभाग (गायन) की प्रायोगिक परीक्षा – संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 29 दिसंबर 2025 को प्रातः 10:00 बजे से संगीत विभाग, कक्ष संख्या 101 में होगी। इस परीक्षा में रेगुलर एवं री (Re)—दोनों श्रेणियों के विद्यार्थियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।
प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर अनुपस्थित रहने की स्थिति में समस्त उत्तरदायित्व स्वयं विद्यार्थी का होगा। अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी अपने-अपने विभाग के नोटिस बोर्ड देखें अथवा संबंधित विभागाध्यक्ष से संपर्क करें।