आगरा कॉलेज में बी.ए. प्रथम वर्ष में रिकॉर्ड प्रवेश: सीटें फुल, 30% सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव विवि को भेजा

आगरा। आगरा कॉलेज में बी.ए. प्रथम वर्ष (प्रथम सेमेस्टर) में दाखिला लेने वाले छात्रों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। कॉलेज प्रशासन के अनुसार अब तक 1250 से अधिक विद्यार्थियों का प्रवेश हो चुका है, जिनमें लगभग 1100 छात्रों ने अपनी शुल्क राशि जमा कर दी है। शेष छात्रों को तीन दिन का समय दिया गया है, अन्यथा उनके प्रवेश स्वतः निरस्त माने जाएंगे।

Jul 16, 2025 - 18:06
 0
आगरा कॉलेज में बी.ए. प्रथम वर्ष में रिकॉर्ड प्रवेश: सीटें फुल, 30% सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव विवि को भेजा

कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर सी. के. गौतम द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि बी.ए. में दाखिले को लेकर छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। अब भी बड़ी संख्या में आवेदन आ रहे हैं। इस असाधारण मांग को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा को 30% अतिरिक्त सीटें स्वीकृत करने हेतु प्रस्ताव भेजा है।

प्रवेश समन्वयक प्रो. मृणाल शर्मा ने जानकारी दी कि प्रवेश प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप देने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। संबंधित छात्रों को शुल्क जमा करने के लिए स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

समर्थ पोर्टल पर अंतिम तिथि बढ़ी
विश्वविद्यालय द्वारा समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 जुलाई से बढ़ाकर 31 जुलाई 2025 कर दी गई है। इससे उन छात्रों को भी मौका मिलेगा, जो अब तक पंजीकरण नहीं कर पाए थे। यह निर्णय कॉलेज और छात्रों – दोनों के लिए राहत लेकर आया है।

प्राचार्य प्रो. गौतम ने कहा कि जैसे ही विश्वविद्यालय से अतिरिक्त सीटों की अनुमति प्राप्त होगी, प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों को शीघ्र प्रवेश का अवसर दिया जाएगा। इससे अधिक से अधिक युवाओं को उच्च शिक्षा का लाभ मिल सकेगा।

SP_Singh AURGURU Editor