आगरा कॉलेज में ‘लक्ष्य 2025’ स्पोर्ट्स फेस्ट का आगाज़ः जोश, जुनून से गूंजा इंजीनियरिंग परिसर

आगरा। फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, आगरा कॉलेज में वार्षिक अंतर-विभागीय स्पोर्ट्स फेस्ट लक्ष्य 2025 की शुरुआत उत्साह और उमंग के बीच हुई। खेलों के इस महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन, टीमवर्क और फिटनेस जैसे गुणों को सशक्त बनाना है। इस दौरान कॉलेज परिसर खेलों की उमंग, प्रतिस्पर्धा और मित्रता के रंग में सराबोर रहा।

Oct 10, 2025 - 19:08
Oct 10, 2025 - 20:34
 0
आगरा कॉलेज में ‘लक्ष्य 2025’ स्पोर्ट्स फेस्ट का आगाज़ः जोश, जुनून से गूंजा इंजीनियरिंग परिसर
आगरा कॉलेज में ‘लक्ष्य 2025’ स्पोर्ट्स फेस्ट के शुक्रवार को शुभारंभ के मौके पर कॊलेज प्राचार्य प्रो. सीके गौतम का स्वागत करते शिक्षक डॊ. यादवेंद्र शर्मा एवं अन्य। नीचे के चित्र में खेल प्रतिभागी।

फेस्ट का उद्घाटन प्रातःकालीन मार्च-पास्ट, शपथ ग्रहण और मशाल प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि कॉलेज प्राचार्य प्रो. सी.के. गौतम ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया और विद्यार्थियों को खेलों के माध्यम से आत्म-विकास की प्रेरणा दी।

लक्ष्य 2025 के अंतर्गत क्रिकेट, फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, एथलेटिक्स (100m, 200m, 400m, रिले 4x100m), कबड्डी, खो-खो, चेस और कैरम जैसी विविध प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। पुरुष, महिला और मिश्रित श्रेणियों में खेलों का संचालन समान रूप से किया जा रहा है।

प्राचार्य प्रो. गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि ‘लक्ष्य 2025’ विद्यार्थियों के समग्र विकास को प्रोत्साहित करने वाला एक सशक्त मंच है। खेल व्यक्ति को न केवल अनुशासित बनाते हैं बल्कि समय प्रबंधन, नेतृत्व, समस्या-समाधान और मानसिक धैर्य जैसी क्षमताएं भी विकसित करते हैं।

फैकल्टी संयोजक डॉ. यादवेंद्र शर्मा ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए प्रेरित किया।
स्पोर्ट्स हेड इंजी. राजपाल सिंह खेनवार ने कहा कि तनावपूर्ण जीवनशैली में खेलकूद मानसिक शांति और आत्मबल प्रदान करते हैं। खेल व्यक्ति को भीतर और बाहर से मजबूत बनाते हैं।

इस अवसर पर डॉ. अनुराग शर्मा, डॉ. आर.के. शर्मा, डॉ. अनुज पाराशर, डॉ. अमित रावत, इंजी. राहुल जैन, डॉ. गुंजन अग्रवाल, इंजी. आनंद राजपूत, इंजी. हर्षित उपाध्याय, डॉ. तनवीर कमर, डॉ. वी.के. जैन, इंजी. उद्धव द्विवेदी, इंजी. धीरेंद्र सिंह, डॉ. धीरेंद्र अग्रवाल, डॉ. दीपक पाठक, इंजी. अर्चित पाठक, इंजी. राहुल अंशुमाली, इंजी. प्रतीक सक्सेना, इंजी. अश्विनी कुमार, इंजी. पुष्कर दीक्षित सहित फैकल्टी के सदस्य एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor