आगरा कॉलेज में ‘प्रज्ज्वलन 2026’ का शुभारंभ, तकनीकी प्रतिभाओं और नवाचार से सजा दो दिवसीय महोत्सव

आगरा। आगरा कॉलेज के इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी संकाय में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक तकनीकी महोत्सव ‘प्रज्वलन 2026’ का शनिवार को भव्य और ऊर्जावान शुभारंभ हुआ। प्राचार्य प्रो. सीके गौतम के नेतृत्व में आयोजित इस तकनीकी महाकुंभ में आगरा मंडल के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए सैकड़ों विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, नवाचार और तकनीकी दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे परिसर में उत्साह, प्रतिस्पर्धा और रचनात्मकता का अनूठा संगम देखने को मिला।

Mar 28, 2026 - 18:38
 0
आगरा कॉलेज में ‘प्रज्ज्वलन 2026’ का शुभारंभ, तकनीकी प्रतिभाओं और नवाचार से सजा दो दिवसीय महोत्सव
आगरा कॊलेज में शनिवार को प्रारंभ हुए प्रज्ज्वलन 2026 के उद्घाटन के मौके पर मौजूद अतिथि और शिक्षकगण।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ उद्घाटन

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी नीरज गुप्ता, विशिष्ट अतिथि शिक्षाविद् डॉ. अरुणोदय वाजपेई और प्राचार्य प्रो. सीके गौतम द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
समारोह के समन्वयक डॉ. यादवेंद्र शर्मा ने स्वागत उद्बोधन देते हुए अतिथियों का अभिनंदन किया और महोत्सव के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डाला।

17 प्रतियोगिताओं में दिखेगा तकनीकी कौशल

सहायक प्रोफेसर डॉ. अनुज कुमार पाराशर ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस द्वि-दिवसीय महोत्सव में कुल 17 तकनीकी और रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इनमें रोबो रेस, कोडिंग कार्निवल और स्टार्ट-अप हीस्ट जैसे आकर्षक आयोजन शामिल हैं, जो छात्रों को आधुनिक तकनीक और नवाचार से जोड़ने का मंच प्रदान करते हैं।

प्राचार्य और अतिथियों ने किया प्रेरित

प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि प्रज्ज्वलन विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता, नवाचार और सपनों की उड़ान का प्रतीक है।

मुख्य अतिथि नीरज गुप्ता ने युवाओं को तकनीकी विकास के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि तकनीक तभी सार्थक है, जब वह समाज के हित में उपयोगी हो।

आयोजन समिति के समन्वयक डॉ. भूपेंद्र चिकारा के मार्गदर्शन में प्रतियोगिताओं का संचालन सुव्यवस्थित तरीके से किया गया।
इस अवसर पर डॉ. अनुराग शर्मा, डॉ. आर. के. शर्मा, डॉ. अमित रावत, ई. आनंद कुमार, ई. पुष्कर दीक्षित, ई. उद्धव द्विवेदी, डॉ. धीरेन्द्र अग्रवाल, डॉ. गुंजन अग्रवाल, अतुल पाराशर सहित कई वरिष्ठ प्राध्यापक मौजूद रहे।

छात्र समन्वयकों नंदिनी, प्रबल, संदीप, आयुष, यश, मोहित, आदित्य दीक्षित, पूजा भारद्वाज, साक्षी, क्रिश, राज और भूमिका ने तकनीकी सत्रों और प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में अहम भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के अंत में ई. आनंद कुमार ने सभी अतिथियों, प्राचार्य, मीडिया प्रतिनिधियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन प्रथम वर्ष की छात्रा ओजस्वी द्वारा किया गया।

दूसरे दिन होंगे रोमांचक आयोजन और पुरस्कार वितरण

महोत्सव के दूसरे दिन 29 मार्च को रोबो वॉर और मॉडल प्रदर्शनी जैसे रोमांचक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समापन अवसर पर विजेताओं को प्राचार्य द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor