आगरा कॉलेज में बीएससी (गणित-जीव विज्ञान) प्रथम वर्ष की तीसरी मेरिट सूची जारी, 5 को काउंसलिंग

आगरा। आगरा कॉलेज, आगरा में बी.एससी. (गणित एवं जीवविज्ञान) प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए तृतीय मेरिट सूची शुक्रवार को जारी कर दी गई है। प्राचार्य प्रोफेसर सी.के. गौतम के निर्देशन में यह सूची सार्वजनिक की गई है। चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग एवं दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया दिनांक 5 अगस्त 2025 को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक कॉलेज के भौतिक विभाग में संपन्न होगी।

Aug 1, 2025 - 17:25
 0
आगरा कॉलेज में बीएससी (गणित-जीव विज्ञान) प्रथम वर्ष की तीसरी मेरिट सूची जारी, 5 को काउंसलिंग

प्रवेश समन्वयक प्रभारी प्रोफेसर भूपेंद्र कुमार चिकारा ने बताया कि यह प्रवेश प्रक्रिया सभी वर्गों- सामान्य, ईडब्ल्यूएस, ओबीसी तथा एससी श्रेणी के लिए समान रूप से खुली है। जिन विद्यार्थियों ने निर्धारित समय सीमा में ऑनलाइन आवेदन किया था, वे इस तृतीय सूची के अंतर्गत काउंसलिंग में सम्मिलित हो सकते हैं।

उन्होंने बताया कि सभी विद्यार्थियों को काउंसलिंग के दिन स्वयं उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराना अनिवार्य होगा। प्रवेश प्रक्रिया में निम्नलिखित मूल अभिलेख लाना आवश्यक है-

हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट की अंकतालिकाएं, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी), चरित्र प्रमाण पत्र, ऑनलाइन आवेदन पत्र की प्रति, वेब रजिस्ट्रेशन की प्रति, ₹425/- की शुल्क रसीद, दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो, अन्य कोई प्रासंगिक दस्तावेज (यदि हो)।

प्रवेश प्रक्रिया के समन्वय हेतु एक अलग टीम गठित की गई है जो विद्यार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेगी। सभी छात्रों से अनुरोध किया गया है कि वे समय का विशेष ध्यान रखते हुए अनुशासित एवं दस्तावेज-संपन्न स्थिति में उपस्थित हों, जिससे काउंसलिंग की प्रक्रिया बिना किसी विघ्न के संपन्न हो सके।

मीडिया प्रभारी डॉ. गौरव कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि कॉलेज प्रशासन छात्रों की सुविधा हेतु लगातार सूचना प्रणाली को सुदृढ़ बनाए हुए है, और सभी अपडेट्स कॉलेज की वेबसाइट व सूचना पट्ट पर उपलब्ध हैं।

SP_Singh AURGURU Editor