आगरा कॉलेज ने दोनों वर्गों में बाजी मारी, जीता डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय का शतरंज खिताब

रणनीति, धैर्य और बौद्धिक कौशल के संगम से आगरा कॉलेज ने डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय की अंतरमहाविद्यालयीय शतरंज प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर इतिहास रच दिया। कॉलेज ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त कर ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

Nov 1, 2025 - 19:49
 0
आगरा कॉलेज ने दोनों वर्गों में बाजी मारी, जीता डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय का शतरंज खिताब
केआर पीजी कॉलेज, मथुरा में आयोजित शतरंज प्रतियोगिता में विजेता ट्रॉफी के साथ आगरा कॉलेज की विजेता टीमें।

आगरा। डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा द्वारा आयोजित अंतरमहाविद्यालयीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन केआर पीजी (गर्ल्स) कॉलेज, मथुरा में किया गया। विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने इसमें प्रतिभाग किया और बौद्धिक संघर्ष का रोमांचपूर्ण प्रदर्शन हुआ।

आगरा कॉलेज, आगरा की टीम ने प्रतियोगिता में बेहतरीन रणनीति और एकजुट खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए पुरुष वर्ग एवं महिला वर्ग- दोनों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। दोनों वर्गों में बाजी मारकर आगरा कॉलेज ने ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी भी हासिल की, जो कॉलेज की खेल परंपरा के लिए एक और गौरवशाली उपलब्धि बनी।

विशेष उल्लेखनीय है कि आगरा कॉलेज के पाँच प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय की टीम के लिए किया गया है, जो आगामी अंतरविश्वविद्यालयीय शतरंज प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।

यह सफलता आगरा कॉलेज के शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. अमित कुमार रावत के नेतृत्व और मार्गदर्शन में प्राप्त की गई। प्रो. रावत ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों के समर्पण, नियमित अभ्यास और खेल भावना का परिणाम है।

कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने विजेता छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि आगरा कॉलेज ने न केवल शैक्षणिक क्षेत्र में बल्कि खेलकूद में भी अपनी श्रेष्ठता साबित की है। यह उपलब्धि कॉलेज के अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच का प्रतीक है।

प्रतियोगिता में कॉलेज की भागीदारी का संचालन एवं संयोजन शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग, आगरा कॉलेज द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor