आगराः धर्मांतरण की मास्टरमाइंड कंचन मित्तल फिर चर्चा में, अंबाला में शांति महोत्सव के पोस्टर वायरल
आगरा। थाना शाहगंज क्षेत्र में 80 परिवारों के धर्मांतरण मामले की मास्टरमाइंड पास्टर कंचन मित्तल एक बार फिर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर उसका शांति महोत्सव नामक कार्यक्रम का पोस्टर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस और प्रशासन को चौकन्ना कर दिया है।
वायरल पोस्टर में बताया गया है कि यह कार्यक्रम 31 अक्टूबर 2025 (शुक्रवार) को शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक अंबाला (पंजाब) में आयोजित होगा, जिसमें बीमारों और दुखियों की समस्याओं के समाधान हेतु विशेष प्रार्थना सभा और निःशुल्क भोजन वितरण की घोषणा की गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह वही कंचन मित्तल है, जिसे आगरा पुलिस ने शाहगंज धर्मांतरण कांड की मास्टरमाइंड बताया था। कुछ सप्ताह पहले शाहगंज थाना क्षेत्र से धर्मांतरण गैंग के आठ सदस्य गिरफ्तार हुए थे। मुख्य आरोपी राजकुमार लालवानी ने पूछताछ में खुलासा किया था कि वह पास्टर कंचन मित्तल के निर्देश पर काम करता था।
पुलिस रिमांड के दौरान जब टीम उसे लेकर अंबाला गई थी, तो भनक लगते ही कंचन मित्तल फरार हो गई थी। अब उसके नए शांति महोत्सव ने उत्तर प्रदेश और पंजाब पुलिस दोनों को सतर्क कर दिया है।
आगरा धर्मांतरण केस के वादी घनश्याम हेमलानी ने कहा, जो व्यक्ति यूपी में धर्मांतरण के खेल का संचालन कर रहा था, वह अब अंबाला में खुलेआम कार्यक्रम कर रहा है, यह यूपी पुलिस के लिए चुनौती है।