आगरा में 10 हजार का इनामी बदमाश पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल, चांदी और 1.80 लाख कैश बरामद
आगरा। जगदीशपुरा थाना पुलिस और दस हजार के इनामी बदमाश के बीच पथौली-बिचपुरी नहर मार्ग पर शुक्रवार देर रात मुठभेड़ हो गई। चेकिंग के दौरान बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। घायल बदमाश को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी के अनुसार, चेकिंग के दौरान संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया। लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। इस पर पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। गोली लगने से वह जमीन पर गिर गया।
पकड़े गए बदमाश की पहचान मोहसिन के रूप में हुई, जिस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। तलाशी में उसके पास से एक अवैध तमंचा, चोरी की गई सफेद धातु (चांदी) और करीब 1.80 लाख रुपये बरामद हुए। मुठभेड़ के समय इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार भी टीम के साथ मौजूद थे।
गिरफ्तार बदमाश के ठीक होने के बाद पुलिस उससे पूछताछ करेगी, जिसमें उसके द्वारा अब तक किए गये अपराधों का खुलासा होगा।