आगरा से जाटों के लिए आरक्षण की हुंकार: केंद्र से कहा- वादा निभायें वरना हम चुनाव में जवाब देंगे
आगरा। केंद्रीय सेवाओं में जाट आरक्षण की बहाली को लेकर जाट समाज ने एक बार फिर संगठित स्वर में आवाज बुलंद की है। अखिल भारतीय जाट महासभा के जन-जागृति अभियान के तहत रविवार को फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के अरहेरा गांव में आयोजित सभा में आगरा, भरतपुर, मथुरा और हाथरस से आए लोगों ने केंद्र सरकार से वर्षों पुराने वादे निभाने की मांग की। वक्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि आरक्षण नहीं मिला तो जाट समाज आगामी चुनावों में जवाब देगा।
महाराजा सूरजमल को नमन, दीप प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ
सभा की शुरुआत महाराजा सूरजमल के चित्र पर दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुई। यह कार्यक्रम मुख्य अतिथि व प्रदेश अध्यक्ष प्रताप चौधरी (पूर्व विधायक), मुख्य वक्ता नेम सिंह फौजदार (भरतपुर), जिला अध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर, महामंत्री वीरेंद्र सिंह छोंकर, मथुरा जिलाध्यक्ष राजेश चौधरी, महानगर अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नरवार, युवा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी और महानगर युवा अध्यक्ष लखन चौधरी ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कप्तान सिंह चाहर ने की तथा संचालन वीरेंद्र सिंह छोंकर ने किया।
2015 से 2022 तक के वादे अब पूरे हों
मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक प्रताप चौधरी ने कहा कि यदि वर्ष 2015 में ही केंद्रीय जाट आरक्षण बहाल कर दिया गया होता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह ने समाज से किए वादे निभाए होते, तो आज लाखों जाट युवाओं को रोजगार मिल चुका होता। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय जाट महासभा लगातार सरकार का ध्यान इस मुद्दे पर आकृष्ट कर रही है, लेकिन अब तक केंद्रीय सेवाओं में आरक्षण की बहाली नहीं हुई, इसलिए समाज को एकजुट होकर संघर्ष तेज करना होगा।
देश की इकलौती कौम, जिसे केंद्र में आरक्षण नहीं
मुख्य वक्ता नेम सिंह फौजदार ने कहा कि जाट समाज देश की ऐसी पहली कौम है, जिसे प्रांतीय सेवाओं में तो आरक्षण मिला, लेकिन आज भी केंद्रीय सेवाओं में इससे वंचित रखा गया है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर जागृति अभियान चलाएं और आरक्षण की लड़ाई के लिए समाज को तैयार करें।
छह माह तक चलेगा गांव-गांव अभियान
जिला अध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर और मथुरा जिला अध्यक्ष राजेश चौधरी ने संयुक्त रूप से घोषणा की कि आने वाले छह माह तक गांव-गांव जाकर आंदोलन चलाया जाएगा और जनमानस को आरक्षण की लड़ाई के लिए संगठित किया जाएगा।
युवा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी और महानगर युवा अध्यक्ष लखन चौधरी ने कहा कि युवाओं के भविष्य के लिए बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा। यह केवल शुरुआत है, आगे संघर्ष और व्यापक होगा। महानगर अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नरवार और महिला प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष निर्मल चाहर ने भी आंदोलन में पूर्ण आहुति देने की अपील की।
आकाशवाणी के लोक गायक महावीर चाहर ने लोकगीतों के माध्यम से युवाओं में जोश भरा, वहीं उभरते कवि हीरेंद्र नरवार ने जोशीली कविता पढ़कर सभा को ऊर्जा से भर दिया।
बड़ी संख्या में गणमान्य लोग रहे मौजूद
सभा में भरतपुर से आए योगेश चाहर, गोविंद सिंह सरपंच, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जयप्रकाश चाहर, जिला कोषाध्यक्ष चौ. गुलवीर सिंह, जिला उपाध्यक्ष नवल सिंह, अर्जुन सिंह छोंकर, सत्यवीर रावत, जी.डी. चाहर, जिग्नेश सिंह, महानगर महामंत्री भारत सिंह कुंतल, लोकेन्द्र चौधरी, उपाध्यक्ष अमित सोलंकी, सुभाष रावत, महिला प्रकोष्ठ जिला महामंत्री सरोज चाहर, निशा चौधरी, श्रीमती लक्ष्मी देवी और हेमलता देवी सहित अनेक वक्ताओं ने विचार रखे।
यतेंद्र चाहर, वीरेंद्र सिंह प्रधान, राजेंद्र सिंह मास्टर, जय सिंह चाहर और दर्याव सिंह चाहर ने अतिथियों का पगड़ी व माल्यार्पण कर स्वागत किया। कार्यक्रम का आयोजन जिला उपाध्यक्ष यतेंद्र चाहर ने किया।
चेतावनी भरे स्वर में ऐलान
सभा में सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि यदि केंद्र सरकार ने जाट समाज से किया गया वादा नहीं निभाया, तो आने वाले चुनावों में जाट समाज जवाब देना जानता है।
Top of Form