आगरा मण्डल को मिला नया प्रशासनिक नेतृत्व, आईएएस नागेन्द्र प्रताप ने संभाली आयुक्त की कमान

आईएएस अधिकारी नागेन्द्र प्रताप ने 01 फरवरी 2026 को आयुक्त, आगरा मण्डल के रूप में पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण समारोह में वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें बधाई दी और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। विकास और पर्यटन से जुड़े कई अहम पदों पर कार्य कर चुके श्री नागेन्द्र प्रताप से आगरा मण्डल में सुशासन और विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Feb 1, 2026 - 18:00
 0
आगरा मण्डल को मिला नया प्रशासनिक नेतृत्व, आईएएस नागेन्द्र प्रताप ने संभाली आयुक्त की कमान
नवागत मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप कार्यभार ग्रहण करते हुए। साथ में निवर्तमान मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह।

आगरा। आगरा मण्डल के प्रशासनिक नेतृत्व में आज एक नया अध्याय जुड़ गया, जब वर्ष 2010 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी नागेन्द्र प्रताप ने रविवार को आयुक्त, आगरा मण्डल के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

पदभार ग्रहण के अवसर पर मण्डल आयुक्त पद से सेवानिवृत्त हुए शैलेन्द्र कुमार सिंह, जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी जी, अपर आयुक्त प्रशासन राजेश कुमार, अपर आयुक्त न्यायिक मंजूलता तथा आयुक्त पीए पदम चंद्र मिश्रा ने नवागत मण्डल आयुक्त को शुभकामनाएं एवं बधाई दी। इससे पूर्व नवागत मंडलायुक्त नागेन्द्र प्रताप को सम्मान स्वरूप गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया।

मंडलायुक्त नागेन्द्र प्रताप मूल रूप से इटावा जनपद के निवासी हैं और अपने प्रशासनिक करियर में वे विकास, पर्यटन और औद्योगिक प्राधिकरणों से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्वों का सफल निर्वहन कर चुके हैं। वर्तमान पदभार से पहले वे यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी के रूप में कार्यरत थे।

उनका प्रशासनिक अनुभव बहुआयामी रहा है। वर्ष 2016 में आगरा में मुख्य विकास अधिकारी के रूप में उन्होंने विकास योजनाओं को गति दी। इसके बाद वर्ष 2017 में लखनऊ स्थित यूपी ब्रज तीर्थ विकास परिषद तथा वर्ष 2018 में मथुरा में ब्रज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने धार्मिक पर्यटन और अधोसंरचना विकास को नई दिशा दी। इसी अवधि में वे मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष भी रहे। वर्ष 2024 में बांदा जिले के जिलाधिकारी के रूप में उनके कार्यकाल को भी प्रशासनिक दक्षता के लिए सराहा गया। अब आगरा मण्डल की कमान संभालने के साथ ही उनसे क्षेत्रीय विकास, प्रशासनिक सुशासन और जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की नई अपेक्षाएं जुड़ गई हैं।