आगरा में डॊ. अनूप खरे ने कनाडा की 'इंटेलिजॉइंट नेविगेशन सिस्टम' से किया हिप प्रत्यारोपण
आगरा। उत्तर भारत के चिकित्सा परिदृश्य में एक नया अध्याय जुड़ गया है। आगरा के प्रख्यात ऑर्थोपेडिक सर्जन एवं घुटना व हिप प्रत्यारोपण विशेषज्ञ डॉ. अनूप खरे ने कनाडा में विकसित इंटेलिजॉइंट नेविगेशन सिस्टम की मदद से एक 23 वर्षीय युवक की सफल हिप प्रत्यारोपण सर्जरी कर शहर को एक नई उम्मीद दी है। यह तकनीक अब तक देश में केवल कुछ गिने-चुने शहरों में ही उपलब्ध थी।
-हिप प्रत्यारोपण के बाद अब इसी तकनीक से घुटना प्रत्यारोपण की तैयारी कर रहे डॊ. अनूप खरे
-अब तक देश के गिने-चुने शहरों में ही उपलब्ध थी इस तकनीक से हिप प्रत्यारोपण की सुविधा
कैसे काम करता है इंटेलिजॉइंट नेविगेशन सिस्टम
डॉ. खरे ने बताया कि यह एक पोर्टेबल और स्मार्ट टेक्नोलॉजी है, जिसमें हाई डेफिनिशन कैमरा और मॉनिटर होते हैं। यह सर्जन को सटीक पोजीशनिंग की जानकारी देता है, जिससे इम्प्लांट पूरी शुद्धता से लगाया जा सकता है। मरीज के एक्स-रे और रिपोर्ट्स ऑनलाइन वेब सिस्टम में पहले से अपलोड कर दी जाती हैं।
सर्जरी हुई सफल, मरीज चलकर घर गया
चार दिन पहले की गई इस सर्जरी में 23 वर्षीय युवक को हिप प्रत्यारोपण की आवश्यकता थी। ऑपरेशन के बाद वह स्वयं चलकर घर गया, जो तकनीक की सटीकता और सफलता का प्रमाण है। डॉ. खरे ने बताया कि यह सिस्टम कम लागत वाला, साधारण और पोर्टेबल है जिसे कोई भी सर्जन अपनी कार में लेकर किसी भी अस्पताल में उपयोग कर सकता है।
रोबोटिक सर्जरी से बेहतर विकल्प
डॊ. खरे ने बताया कि जहां रोबोटिक सर्जरी महंगी और सीमित होती है, वहीं यह ओपन सिस्टम तकनीक है जिसमें कोई अतिरिक्त मेंटेनेंस या संचालन लागत नहीं आती। सर्जरी के दौरान कंप्यूटर सर्जन को लगातार मार्गदर्शन देता है और साथ ही विशेषज्ञ अपने अनुभव के आधार पर पोजीशनिंग को कन्फर्म करता है।
घुटना प्रत्यारोपण भी जल्द इस तकनीक से
डॉ. खरे ने बताया कि इसी तकनीक से वे अब घुटने के प्रत्यारोपण की भी तैयारी कर रहे हैं। कैमरा डिवाइस का ऑर्डर दे दिया गया है और जल्द ही इस अत्याधुनिक तकनीक से और भी मरीज लाभान्वित होंगे।