आगरा में कोहरा और गलन का डबल अटैक, सूरज नदारद, ट्रेनें लेट, सड़कों पर बढ़ा हादसों का खतरा
आगरा। ताजनगरी में कोहरे और ठंड का असर लगातार बना हुआ है। सोमवार सुबह भी शहर घने कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। हालात ऐसे हैं कि सुबह से अभी तक सूर्यदेव के दर्शन तक नहीं हो सके हैं । गलन भरी ठंड ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया है। हालांकि स्कूलों में अवकाश घोषित होने से बच्चों और अभिभावकों को बड़ी राहत मिली है।
शीतलहर से कांपा शहर, बाहरी इलाकों में कोहरे का ज्यादा असर, मौसम विभाग ने दी सतर्क रहने की चेतावनी
आगरा। ताजनगरी में कोहरे और ठंड का असर लगातार बना हुआ है। सोमवार सुबह भी शहर घने कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। हालात ऐसे हैं कि सुबह से अभी तक सूर्यदेव के दर्शन तक नहीं हो सके हैं । गलन भरी ठंड ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया है। हालांकि स्कूलों में अवकाश घोषित होने से बच्चों और अभिभावकों को बड़ी राहत मिली है।
शहर की तुलना में बाहरी क्षेत्रों में कोहरे का असर कहीं ज्यादा दिखाई दे रहा है। नेशनल हाईवे, यमुना एक्सप्रेसवे और लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर दृश्यता काफी कम है, जिससे वाहन चालकों को खासा सतर्क रहना पड़ रहा है। धीमी रफ्तार के बावजूद हादसों की आशंका बनी हुई है।
रेल यातायात पर भी कोहरे की मार
घने कोहरे का असर रेल सेवाओं पर भी साफ दिखाई दे रहा है। आगरा के रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म और ट्रैक कोहरा छाए रहने के कारण ठीक से नजर नहीं आ रहे। इसका नतीजा यह है कि कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से लेट चल रही हैं। नई दिल्ली-भोपाल शताब्दी, ताज एक्सप्रेस सहित अन्य प्रमुख ट्रेनें आधे से एक घंटे की देरी से आगरा पहुंच रही हैं।
ठंड से बचने के जतन
लगातार बढ़ रही गलन के चलते लोग सड़कों के किनारे और चौराहों पर अलाव तापते नजर आ रहे हैं। सुबह-शाम ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित है।
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
मौसम के आंकड़ों पर नजर डालें तो न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी जरूर दर्ज की गई है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस था, जो रविवार को बढ़कर 9.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यानी 24 घंटे में करीब 2.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। हालांकि दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। 26 दिसंबर को जहां अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस था, वहीं 28 दिसंबर को यह घटकर 18.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। पिछले तीन दिनों से दिन में भी ठंड ज्यादा सताने लगी है।
आज के मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, 29 दिसंबर को दिन के समय शीतलहर चलने की संभावना है। शाम और रात में फिर से कोहरा छा सकता है। इसके साथ ही तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड का असर और बढ़ेगा।