आगराः सड़क हादसे में मासूम संग पिता की मौत, मां-बेटी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहीं

आगरा। आगरा-ग्वालियर हाईवे पर थाना सैंया के अंतर्गत तेहरा चौकी क्षेत्र स्थित शिवम ढाबा के पास मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस दर्दनाक दुर्घटना में बाइक सवार पिता और उनका मात्र 2 वर्षीय मासूम पुत्र मौके पर ही मौत का शिकार हो गए, जबकि पत्नी और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में सन्नाटा फैल गया। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Aug 26, 2025 - 17:56
 0
आगराः सड़क हादसे में मासूम संग पिता की मौत, मां-बेटी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहीं

दर्शन कर लौट रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार थाना ताजगंज क्षेत्र के फतेहाबाद रोड स्थित टीडीआई सिटी निवासी 35 वर्षीय राजेंद्र अपनी पत्नी नीतू (30), बेटी नेहा (14) और छोटे बेटे आलोक (2) के साथ राजस्थान के धौलपुर स्थित बाबू महाराज के दर्शन करके सोमवार देर रात अपने घर लौट रहे थे।

करीब सुबह 5 बजे जब वे आगरा-ग्वालियर हाईवे पर पहुंचे तभी शिवम ढाबा के निकट एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजेंद्र और उनके मासूम बेटे आलोक की मौके पर ही मौत हो गई।

मां-बेटी की हालत नाजुक

इस हादसे में पत्नी नीतू और बेटी नेहा गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना पाकर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल मां-बेटी को इलाज हेतु नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। उनकी हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।

वाहन चालक की तलाश में पुलिस

हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वाहन की पहचान होते ही चालक को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

परिवार में मातम का माहौल

इस हृदयविदारक दुर्घटना के बाद मृतक राजेंद्र के घर कोहराम मच गया। परिवारजन का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में गम का माहौल व्याप्त है।

SP_Singh AURGURU Editor