खादी की खुशबू से महका आगरा: प्रो. बघेल ने की मंडलीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी की शुरुआत

आगरा के बल्केश्वर पार्क मैदान में शनिवार को परंपरा, उद्यमिता और ग्रामीण कला की अनूठी झलक देखने को मिली, जब केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने दस दिवसीय मंडलीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। प्रदेश भर से आए कारीगरों और स्थानीय उत्पादों ने इस प्रदर्शनी को आत्मनिर्भर भारत की मजबूत तस्वीर में बदल दिया।

Dec 7, 2025 - 19:36
 0
खादी की खुशबू से महका आगरा: प्रो. बघेल ने की मंडलीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी की शुरुआत
आगरा के बल्केश्वर पार्क में मंडलीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद अवलोकन करते केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल।

आगरा। उत्तर प्रदेश खादी और ग्रामोद्योग द्वारा आयोजित मंडलीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का आगरा के बल्केश्वर पार्क मैदान में शुभारंभ केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने फीता काटकर किया। दस दिनों तक चलने वाली यह प्रदर्शनी प्रदेश, उत्तराखंड तथा कश्मीर के कारीगरों की कला, मेहनत और परंपरा का जीवंत संगम प्रस्तुत कर रही है।

सौ से अधिक स्टॉल, प्रदेशों की विविधता एक छत के नीचे

प्रदर्शनी में 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें खादी से बने हैंडमेड कोट, जैकेट, साड़ियां व बेडशीट, कश्मीर के ऊनी वस्त्र, फिरोजाबाद से खादी के परिधान, भदोही की हस्तनिर्मित कालीनें, राजस्थान का अचार और मसाले, कानपुर की सुगंधित अगरबत्ती व कपड़े के बैग, बागपत की चादरें, हाथरस की प्रसिद्ध हींग सहित कई जिलों के विशेष उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है।

ये स्टॉल न केवल ग्रामीण कारीगरों की आजीविका का सशक्त माध्यम हैं, बल्कि  हस्तनिर्मित, जैविक और टिकाऊ उत्पादों की बढ़ती मांग का भी प्रतीक हैं।

केंद्रीय मंत्री ने किया निरीक्षण, कारीगरों का बढ़ाया उत्साह

प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल ने प्रदर्शनी में लगे सभी स्टॉलों का अवलोकन किया, उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना की और कारीगरों से उनके कार्य और चुनौतियों के बारे में जानकारी ली।

उद्घाटन समारोह में लघु उद्योग निगम के चेयरमैन राकेश गर्ग, पार्षद श्रीमती पूजा बंसल और मुरारी लाल गोयल, निवर्तमान मंडल अध्यक्ष गिर्राज बंसल, नवीन गौतम, संजय शर्मा, राजीव टाटा, विश्वनाथ भारद्वाज, श्रीमती एकता जैन मौजूद रहे। मंच संचालन रिनेश मित्तल ने किया।

SP_Singh AURGURU Editor