आगरा फूड एक्सपो को मिला डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का समर्थन, 24 जून को होंगे शामिल
आगरा। उत्तर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन (सीएफपीआईए) के प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को लखनऊ में आगरा में प्रस्तावित फूड एक्सपो एंड कॉन्क्लेव 2024 में शामिल होने का आमंत्रण सौंपा। यह आयोजन 22 से 24 जून तक होटल जेपी पैलेस, आगरा में आयोजित किया जाएगा। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने 24 जून को एक्सपो में भाग लेने और उद्यमियों से संवाद का आमंत्रण स्वीकार कर लिया है।
-सीएफपीआईए प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ में सौंपा आमंत्रण, आयोजन को बताया प्रदेश के विकास की नई कड़ी
प्रतिनिधिमंडल में सीएफपीआईए के अध्यक्ष राजकुमार भगत, मुख्य सलाहकार मनीष अग्रवाल 'रावी', उपाध्यक्ष नितिन गोयल, सचिव विकास चतुर्वेदी, शैलेश अग्रवाल व रिपुदमन सिंह समेत अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। प्रतिनिधियों के साथ उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग (दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री) भी मौजूद रहे, जिन्होंने उप मुख्यमंत्री को फूड एक्सपो की रूपरेखा, उद्देश्यों और राज्य के लिए इसकी संभावनाओं से अवगत कराया।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा, यह फूड एक्सपो राज्य में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को नई दिशा देगा और स्थानीय उद्यमियों के लिए राष्ट्रीय स्तर की संभावनाएं खोलेगा।
राकेश गर्ग ने कहा, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति देने वाला प्रमुख सेक्टर बनता जा रहा है। इस एक्सपो के माध्यम से तकनीक, नवाचार, ब्रांडिंग और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे उद्यमियों तक पहुंचेगा।
सीएफपीआईए अध्यक्ष राजकुमार भगत ने बताया कि यह प्रदेश का पहला बड़ा फूड एक्सपो है, जिसमें देशभर के ब्रांड्स, टेक्नोलॉजी एक्सपर्ट्स, स्टार्टअप्स और निर्यातकों की भागीदारी होगी। वहीं, सचिव विकास चतुर्वेदी ने बताया कि एक्सपो में उत्पाद प्रदर्शनी, तकनीकी सत्र, नीति संवाद, नवाचार, पैकेजिंग व एक्सपोर्ट जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित कार्यक्रम होंगे।
उपाध्यक्ष नितिन गोयल ने यह भी बताया कि केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान भी तीन दिवसीय कार्यक्रम में विशेष रूप से शामिल होंगे।