आगरा को सितंबर 2026 तक मिलेगा अत्याधुनिक सिविल एयरपोर्ट, ब्रज थीम से सजेगा नया आगरा एयरपोर्ट
आगरा में प्रो. एस.पी. सिंह बघेल की अध्यक्षता में एयरपोर्ट सलाहकार समिति की बैठक में धनौली स्थित 441.79 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे न्यू सिविल एन्क्लेव की प्रगति की समीक्षा की गई। 55% कार्य पूर्ण हो चुका है और 30 सितंबर 2026 तक प्रोजेक्ट हैंडओवर का लक्ष्य है। ब्रज थीम आधारित façade, नई उड़ानों का प्रस्ताव, अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर एयरपोर्ट नामकरण और अवसंरचना सुधार जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
आगरा एयरपोर्ट का नाम अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखने का प्रस्ताव पारित, गुवाहाटी, सूरत, गोवा समेत कई शहरों से जुड़ सकता है आगरा, एप्रोच रोड चौड़ीकरण और नाला निर्माण के निर्देश
आगरा। केन्द्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल की अध्यक्षता में खेरिया एयरपोर्ट सभागार में आगरा हवाई अड्डा सलाहकार समिति (एएसी ) की बैठक में न्यू सिविल एन्क्लेव, धनौली के निर्माण कार्यों की प्रगति, नई उड़ानों के विस्तार, नागरिक सुविधाओं और एयरपोर्ट के नामकरण सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हुई। बैठक का शुभारंभ केन्द्रीय राज्य मंत्री ने दीप प्रज्वलित कर किया।
बैठक में महाप्रबंधक (अभि.)/प्रोजेक्ट प्रभारी अनूप चन्द्र श्रीवास्तव ने पॉवर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अवगत कराया कि धनौली स्थित निर्माणाधीन सिविल टर्मिनल 441.79 करोड़ रुपये की लागत से 144.07 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहा है। अब तक 55% कार्य पूर्ण हो चुका है और 30 सितंबर 2026 तक प्रोजेक्ट को पूर्ण कर हैंडओवर करने का लक्ष्य रखा गया है। केन्द्रीय राज्य मंत्री ने प्रोजेक्ट की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए दिसंबर 2026 तक सकारात्मक रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
ब्रज संस्कृति की झलक
केन्द्रीय राज्य मंत्री बघेल ने सुझाव दिया कि नवीन टर्मिनल भवन का façade इस प्रकार विकसित किया जाए जिससे आगरा और ब्रज की सांस्कृतिक पहचान स्पष्ट रूप से प्रदर्शित हो। उन्होंने वर्तमान दो लाल पत्थर के गुंबदों के मध्य एक सफेद पत्थर का गुंबद स्थापित करने का निर्देश भी दिया, ताकि स्थापत्य में स्थानीय विरासत की छाप उभरकर आए।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नया एयरपोर्ट
नवीन टर्मिनल में 19 चेक-इन काउंटर, 3 एरोब्रिज, मल्टीलेवल पार्किंग, ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशन, सोलर प्लांट, डिजी यात्रा डिवाइस, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम जैसी सुविधाओं से यात्रियों को आधुनिक और सुगम सेवाएं मिलेंगी।
नई उड़ानों पर चर्चा
केन्द्रीय राज्य मंत्री ने इंडिगो को नए टर्मिनल से संचालन बढ़ाने के लिए बिजनेस स्टडी कराने का सुझाव दिया। बैठक में आगरा से गुवाहाटी, शिलांग, कोलकाता, जम्मू, सूरत, चेन्नई, गोवा, वाराणसी (बौद्ध सर्किट) सेक्टरों पर उड़ानें शुरू करने पर चर्चा हुई। इन उड़ानों से पर्यटन और व्यापार को नई गति मिलने की उम्मीद है।
नामकरण का प्रस्ताव
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जन्मस्थली बटेश्वर (आगरा) होने के आधार पर एयरपोर्ट का नाम उनके नाम पर रखने का प्रस्ताव समिति द्वारा पारित किया गया। साथ ही वेटिंग लाउंज का नामकरण शहीद पृथ्वी सिंह चौहान के नाम पर करने का प्रस्ताव भी स्वीकृत हुआ।
अवसंरचना सुधार के निर्देश
केन्द्रीय राज्य मंत्री बघेल ने जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि धनौली गांव जाने वाली सड़क का विपथन कार्य शीघ्र पूर्ण हो। नाला निर्माण कार्य समयबद्ध हो ताकि बरसाती पानी एप्रोच रोड और टर्मिनल में प्रवेश न करे। न्यू सिविल एन्क्लेव की एप्रोच रोड चौड़ी की जाए। धनौली स्थित एयरपोर्ट क्षेत्र को नगर निगम सीमा में शामिल करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रोजेक्ट में आने वाली किसी भी बाधा को प्रशासन द्वारा शीघ्र दूर किया जाएगा।
श्रमिकों से संवाद, योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने निर्माण श्रमिकों से संवाद किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रमिकों का पंजीकरण, आयुष्मान कार्ड एवं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराया जाए।
प्रमुख उपस्थित सदस्य
बैठक में अपर आयुक्त नगर निगम, अपर जिलाधिकारी (राजस्व), वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारी, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के मुख्य सुरक्षा अधिकारी, इंडिगो एयरलाइंस स्टेशन मैनेजर तथा भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। विवेक कुमार शर्मा, निदेशक विमानपत्तन/संयोजक एएसी ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए वर्तमान एयरपोर्ट से जुड़ी यात्री सुविधाओं का विवरण प्रस्तुत किया।