"आगरा को मिली नई पहचान, 39.62 करोड़ की लागत से बनेगा प्रदेश का तीसरा अत्याधुनिक साइंस पार्क और नक्षत्रशाला"

आगरा। लखनऊ और गोरखपुर के बाद अब ताज नगरी आगरा में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त साइंस पार्क एवं नक्षत्रशाला का निर्माण होने जा रहा है। कोठी मीना बाजार मैदान के सामने, एसीपी लोहा मंडी कार्यालय के पीछे स्थित भूमि पर आज शिलान्यास एवं भूमि पूजन वैदिक विधि-विधान से संपन्न हुआ। यह महत्वाकांक्षी परियोजना 39 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से बनाई जाएगी। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार तथा केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मंत्री अनिल कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप अब उत्तर प्रदेश के प्रत्येक मंडल में साइंस पार्क की स्थापना की जाएगी, ताकि नई पीढ़ी को विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें।

Nov 6, 2025 - 18:07
 0
"आगरा को मिली नई पहचान, 39.62 करोड़ की लागत से बनेगा प्रदेश का तीसरा अत्याधुनिक साइंस पार्क और नक्षत्रशाला"
कोठी मीना बाजार मैदान के सामने, एसीपी लोहा मंडी कार्यालय के पीछे स्थित भूमि पर बनने वाली नक्षत्रशाला का शिलान्यास करते उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार तथा केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल।

-अब हर मण्डल में स्थापित होंगे साइंस पार्क- अनिल कुमार  

आगरा। लखनऊ और गोरखपुर के बाद अब ताज नगरी आगरा में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त साइंस पार्क एवं नक्षत्रशाला का निर्माण होने जा रहा है। कोठी मीना बाजार मैदान के सामने, एसीपी लोहा मंडी कार्यालय के पीछे स्थित भूमि पर आज शिलान्यास एवं भूमि पूजन वैदिक विधि-विधान से संपन्न हुआ। यह महत्वाकांक्षी परियोजना 39 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से बनाई जाएगी। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार तथा केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मंत्री अनिल कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप अब उत्तर प्रदेश के प्रत्येक मंडल में साइंस पार्क की स्थापना की जाएगी, ताकि नई पीढ़ी को विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें।


विज्ञान और नवाचार का केंद्र बनेगा आगरा

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार ने बताया कि आगरा में बनने वाला यह उत्तर प्रदेश का तीसरा साइंस पार्क होगा। यह पार्क आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक साइंस और साइबर सुरक्षा जैसी आधुनिक तकनीकों पर केंद्रित रहेगा। साथ ही इसमें प्राचीन भारतीय विज्ञान गैलरी भी होगी, जिसमें गणित, चिकित्सा और इंजीनियरिंग में भारत की प्राचीन विरासत को दर्शाया जाएगा। इसके अतिरिक्त “फन विद साइंस गैलरी” एनसीईआरटी और सीबीएसई पाठ्यक्रम से जुड़े प्रयोगों को थीम के रूप में प्रस्तुत करेगी, जिससे विद्यार्थियों को सीखने का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा।

वैदिक विधि से हुआ भूमि पूजन

शिलान्यास समारोह के उपरांत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन पूजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख सचिव पंधारी यादव ने सभी अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।

योगेंद्र उपाध्याय ने साझा की योजना की यात्रा

उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि जब वे विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री थे, तब इस परियोजना की कार्य योजना तैयार कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष प्रस्तुत की गई थी। मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद बेसिक शिक्षा विभाग की भूमि को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग में स्थानांतरित कराया गया। उन्होंने कहा कि इस नक्षत्रशाला और साइंस पार्क के निर्माण से छात्र-छात्राओं को आधुनिक विज्ञान की शिक्षा के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगरा के संपूर्ण विकास के लिए संकल्पित हैं और जल्द ही आगरा में छत्रपति शिवाजी स्मारक भी स्थापित किया जाएगा, जो सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक पर्यटन का केंद्र बनेगा।

खगोलशास्त्र और शिक्षा पर्यटन को मिलेगी नई दिशा

केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि नक्षत्रशाला के निर्माण से छात्रों को खगोलशास्त्र के रहस्यों को समझने का अवसर मिलेगा। यह न केवल शैक्षिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा बल्कि शैक्षिक पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न करेगा। उन्होंने कहा कि आगरा का साइंस पार्क युवा पीढ़ी के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति 

इस मौके पर प्रमुख रूप से भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, राष्ट्रीय लोक दल के जिला अध्यक्ष गोविंद शर्मा, नरेंद्र बघेल, दुर्गेश शुक्ला, भाजपा नेता टीएन अग्रवाल, डॉ. रामबाबू हरित, निर्मला दीक्षित, हेमंत भोजवानी, डॉ. यादवेंद्र शर्मा, नवीन गौतम, धीरज कोहली, राधा मनवानी, रेणु गुप्ता, रवि दिवाकर, मनजीत सिंह, मुकेश माहेश्वरी और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।