आगरा में एक युवती पर दो महिलाओं का मां होने का दावा! अब डीएनए टेस्ट से तय होगी असली मां
पिनाहट (आगरा)। सोमवार शाम थाना पिनाहट में एक ऐसा अनोखा मामला सामने आया जिसने पुलिस को भी उलझन में डाल दिया। एक विवाहित युवती को लेकर दो महिलाएं थाने पहुंचीं और दोनों ने उसे अपनी-अपनी बेटी होने का दावा किया। दोनों पक्ष अपने-अपने तर्कों और परिवार के साथ थाने में जुट गए। मामला बढ़ता देख पुलिस ने दोनों महिलाओं का डीएनए टेस्ट कराने का फैसला लिया है, ताकि असली मां की पहचान हो सके।
पिनाहट थाने में पहुंचा अनोखा मामला, पुलिस भी रह गई हैरान
घटना सोमवार शाम करीब चार बजे की है। पिनाहट थाने पर एक विवाहित युवती ज्योति उर्फ वर्षा को लेकर दो महिलाएं पहुंचीं। दोनों ने उसे अपनी बेटी बताया। देखते ही देखते दोनों महिलाओं के परिजन भी थाने पहुंच गए और मामला गर्मा गया। पुलिस ने सभी की बात शांतिपूर्वक सुनी और जांच के बाद दोनों महिलाओं के डीएनए सैंपल लेकर परीक्षण कराने का सुझाव दिया।
डीएनए टेस्ट से खुलेगा राज
थाना प्रभारी मनोज कुमार के अनुसार, युवती बालिग है और वह अपनी मर्जी से जिसके साथ रहना चाहे रह सकती है, लेकिन असली मां की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट ही एकमात्र विकल्प है। इस पर दोनों पक्षों ने सहमति जताई, जिसके बाद पुलिस ने सभी को समझा-बुझाकर वापस भेज दिया।
दोनों पक्षों के अपने-अपने दावे
पहली महिला कांता देवी, थाना पिनाहट क्षेत्र के गांव पुरा नत्था की निवासी हैं। उनका दावा है कि उनकी बेटी आरती, जिसकी उम्र करीब 9 वर्ष थी, 7 साल पहले सर्पदंश से मौत के बाद चंबल नदी में बहा दिया गया था, लेकिन उन्हें विश्वास है कि यही उनकी बेटी है जो अब जीवित है और उनके सामने खड़ी है।
दूसरी महिला गुड्डी देवी, मध्य प्रदेश के मुरैना जनपद के महुआ थाना क्षेत्र के गांव उसेथ बीजला की निवासी हैं। उनका कहना है कि युवती का नाम वर्षा है, जो उनकी ही बेटी है। उन्होंने 12 फरवरी 2025 को वर्षा की शादी आगरा के नगला देवहंस गांव में की थी। उनके पास जन्म प्रमाण पत्र सहित सभी दस्तावेज़ मौजूद हैं। गुड्डी का आरोप है कि कांता देवी उन्हें बेवजह परेशान कर रही हैं।
विवाहिता वर्षा की साफ बात- ‘मेरी मां गुड्डी देवी हैं’
युवती वर्षा ने पुलिस को बताया कि उसका जन्म मुरैना के गांव उसेथ बीजला में हुआ था। उसे गुड्डी देवी और उनके पति ने ही पाला-पोसा है। उसने स्पष्ट कहा कि वह कांता देवी को जानती तक नहीं है और गुड्डी देवी को ही अपनी मां मानती है।
पुलिस का रुख स्पष्ट
थाना पिनाहट प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि मामला संवेदनशील और असाधारण है। युवती बालिग है और अपने निर्णय के लिए स्वतंत्र है। लेकिन दोनों पक्षों के दावों की सच्चाई जानने के लिए डीएनए जांच ही अंतिम और निष्पक्ष तरीका होगा। परीक्षण के बाद ही असली मां की पहचान हो सकेगी।