ऑनलाइन जॉब के झांसे में फंसी आगरा की युवती, 22.95 लाख की ठगी, साइबर पुलिस ने शुरू की जांच

आगरा। साइबर क्राइम पुलिस थाना, आगरा में एक और ऑनलाइन वित्तीय ठगी का सनसनीखेज मामला दर्ज हुआ है। शहर की युवती याशिका गुप्ता को व्हाट्सएप और टेलीग्राम के माध्यम से "ऑनलाइन जॉब ऑफर" का लालच देकर ठगों ने करीब ₹22.95 लाख की भारी चपत लगा दी।

Nov 11, 2025 - 23:47
 0
ऑनलाइन जॉब के झांसे में फंसी आगरा की युवती, 22.95 लाख की ठगी, साइबर पुलिस ने शुरू की जांच
इमेज फोटो

आगरा। साइबर क्राइम पुलिस थाना, आगरा में एक और ऑनलाइन वित्तीय ठगी का सनसनीखेज मामला दर्ज हुआ है। शहर की युवती याशिका गुप्ता को व्हाट्सएप और टेलीग्राम के माध्यम से "ऑनलाइन जॉब ऑफर" का लालच देकर ठगों ने करीब ₹22.95 लाख की भारी चपत लगा दी।

शिकायत के अनुसार 7 अक्टूबर 2025 को सुबह करीब 9-10 बजे याशिका को एक अज्ञात व्हाट्सएप नंबर से संदेश मिला। संदेश में “ऑनलाइन लोकेशन रेटिंग” जैसे आसान कार्य कर पैसे कमाने का दावा किया गया था। शुरुआत में कुछ छोटे टास्क पूरे करने पर उन्हें ₹50 से ₹100 तक का भुगतान मिला, जिससे यह योजना असली लगने लगी।

बाद में उन्हें एक टेलीग्राम चैनल से जोड़ा गया, जहां  “फाइनेंस टीम” के नाम पर बड़े टास्क और अधिक मुनाफे के ऑफर दिए गए। निवेश अनिवार्य बताकर ठगों ने याशिका से पहले ₹2,000 का निवेश कराया और ₹2,800 वापस भेजे। इससे उनका विश्वास और गहरा गया। फिर “इकोनॉमी टास्क” के नाम पर अधिक निवेश के लिए कहा गया। 8 अक्टूबर को ₹15,000 का भुगतान करने के बाद ठगों ने खाता फ्रीज होने का बहाना बनाकर लगातार रकम मांगनी शुरू कर दी।

8 से 10 अक्टूबर के बीच याशिका ने अलग-अलग यूपीआई  आईडी और बैंक खातों में कुल ₹22.95 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया कि ठगी के लिए उपयोग किए गए व्हाट्सएप नंबर और टेलीग्राम चैनल विदेशी आईपी एड्रेस से संचालित हो रहे थे। पुलिस साइबर विशेषज्ञों की मदद से मनी ट्रेल और संदिग्ध खातों की ट्रैकिंग कर रही है।