दिल्ली धमाके के बाद आगरा हाई अलर्ट पर, रेलवे स्टेशन से ताजमहल तक बढ़ाई गई सुरक्षा
आगरा। दिल्ली में हुए धमाके के बाद उत्तर प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को आदेश दिया है कि धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों और परिवहन केंद्रों पर सुरक्षा कड़ी की जाए। निर्देशों के अनुपालन में ताजनगरी आगरा में भी चौकसी बढ़ा दी गई है। पुलिस, आरपीएफ और खुफिया टीमें शहर के प्रमुख स्थलों पर गहन जांच कर रही हैं।
रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले इलाकों में बढ़ाई गई चौकसी, संदिग्धों की ली जा रही तलाशी
आगरा। दिल्ली में हुए धमाके के बाद उत्तर प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को आदेश दिया है कि धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों और परिवहन केंद्रों पर सुरक्षा कड़ी की जाए। निर्देशों के अनुपालन में ताजनगरी आगरा में भी चौकसी बढ़ा दी गई है। पुलिस, आरपीएफ और खुफिया टीमें शहर के प्रमुख स्थलों पर गहन जांच कर रही हैं।
रेलवे और बस स्टेशनों पर सख्त जांच
आगरा के प्रमुख रेलवे स्टेशनों आगरा कैंट, आगरा फोर्ट और ईदगाह स्टेशन पर यात्रियों के सामान की सघन चेकिंग की जा रही है। बम डिस्पोजल स्क्वाड (BDS) और डॉग स्क्वाड की टीमें लगातार राउंड ले रही हैं। आईएसबीटी पर भी सुरक्षा बलों ने बैरियर लगाकर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है।
धार्मिक स्थलों पर बढ़ी निगरानी
मस्जिदों, मंदिरों और गिरजाघरों के आसपास पुलिस तैनाती बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारी लगातार गश्त कर रहे हैं और सीसीटीवी फुटेज मॉनिटरिंग को भी तेज कर दिया गया है। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करें और आमजन को सतर्क रहने के लिए जागरूक करें।
भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सघन चेकिंग
संजय प्लेस, सदर बाजार, फतेहाबाद रोड, ताजमहल के आसपास और मॉल्स में पुलिस की फुट पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है। पर्यटन स्थलों पर आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए क्विक रिस्पॉन्स टीम तैनात की गई है। सभी होटलों, लॉज और धर्मशालाओं को निर्देश दिया गया है कि ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान दर्ज करें।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि शहर पूरी तरह सुरक्षित है, लेकिन एहतियात के तौर पर निगरानी बढ़ाई गई है।