नववर्ष-2026 पर आगरा हाई अलर्ट, ड्रिंक एंड ड्राइव से रेव पार्टी तक सख्ती, पुलिस का सख्त सुरक्षा प्लान लागू
आगरा। नववर्ष-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और अनुशासित वातावरण में मनाने के लिए आगरा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। पुलिस कमिश्नर के स्पष्ट निर्देशन में शहरभर में कड़े सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं। सभी थाना क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों व सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों पर सख्ती के निर्देश दिए गए हैं। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। होटल, क्लब और आयोजन स्थलों पर ब्रीथ एनालाइज़र से जांच की जा रही है। तेज रफ्तार, स्टंटबाजी और खतरनाक ड्राइविंग करने वालों पर तत्काल कार्रवाई के आदेश हैं।
पुलिस ने बिना अनुमति किसी भी प्रकार के आयोजन पर पूर्ण रोक लगा दी है। रेव पार्टी पर सख्त प्रतिबंध रहेगा और उल्लंघन की स्थिति में संबंधित आयोजकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। निर्धारित समय और ध्वनि मानकों से अधिक डीजे बजाने, सार्वजनिक स्थानों पर आतिशबाजी, अश्लील गीत-संगीत और नृत्य पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जाएगा। सोशल मीडिया पर भी 24×7 निगरानी रखी जा रही है। किसी भी आपत्तिजनक, भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संवेदनशील क्षेत्रों में महिला पुलिस बल के साथ-साथ सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी असामाजिक गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। आगरा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नववर्ष का स्वागत शांति, सौहार्द और जिम्मेदारी के साथ करें तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।