गोवर्धन महाराज की आराधना में डूबा आगरा, शहर भर में गूंजे गिरिराज के जयकारे और भक्ति के स्वर

आगरा। दीपावली के उपरांत गोवर्धन पूजा पर्व पर बुधवार को ताजनगरी भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगी रही। शहर के विभिन्न मंदिरों, मोहल्लों में अन्नकूट महोत्सव बड़े उल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। श्रद्धालुओं ने गिरिराज महाराज का पूजन कर परिक्रमा दी, प्रसादी ग्रहण की और भक्ति गीतों पर झूम उठे। मुख्य आयोजन जयपुर हाउस, खाटू श्याम मंदिर जीवनी मंडी, पार्श्वनाथ पंचवटी, वजीरपुरा मंदिर आदि में हुए।

Oct 22, 2025 - 19:17
Oct 22, 2025 - 21:43
 0
गोवर्धन महाराज की आराधना में डूबा आगरा, शहर भर में गूंजे गिरिराज के जयकारे और भक्ति के स्वर
श्री गोवर्धन पूजा महोत्सव के मौके पर कमला नगर स्थित इस्कॊन मंदिर में श्री गोवर्धन महाराज की एक झलक।

श्रीजगन्नाथ मंदिर में सवा कुन्तल चावल व हलवा से सजे गोवर्धन महाराज

कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में गोवर्धन महाराज की अलौकिक झांकी ने सभी भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सवा कुन्तल चावल और हलवा से सजे गिरिराज महाराज की आरती और झांकी दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
चावल और हलवे से सजाए गए गोवर्धन महाराज के शिलारूप के दर्शन ने भक्तों को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। मृदंग और मंजीरों की ताल पर हरे राम हरे कृष्ण के संकीर्तन से वातावरण गूंज उठा।
सुबह 8 बजे इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने गोवर्धन महिमा कथा के साथ अन्नकूट महोत्सव का शुभारम्भ किया। शंखनाद और कीर्तन के बीच गोवर्धन शिला को डोले में विराजमान कर पंचामृत से अभिषेक किया गया।
श्रद्धालु अपने घरों से दूध, दही, घी, शहद आदि सामग्री लेकर पहुंचे और सामूहिक रूप से अभिषेक व पूजन किया।

कार्यक्रम में आशु मित्तल, संजीव, शैलेन्द्र अग्रवाल, कान्ता प्रसाद, सुशील अग्रवाल, सुशील गुप्ता, संजय कुकरैजा, राजेश उपाध्याय, ओमप्रकाश अग्रवाल, अदिति गौरांगी, शैलेश, शाश्वत ननंदलाल, विकास बंसल आदि उपस्थित रहे।

कल से शनील के परिधान धारण करेंगे श्रीहरि

शरद ऋतु की आहट के साथ कल से भगवान श्री जगन्नाथ जी शनील के परिधान धारण करेंगे। अन्नकूट महोत्सव पर बहन सुभद्रा व भाई बलभद्र संग भगवान जगन्नाथ ने पीताम्बर रंग के गोटा पत्ती व गोछापे से सजे शनील के परिधान धारण किए। मंदिर के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप ने बताया कि आज भगवान का विशेष श्रंगार किया गया।

जयपुर हाउस वेलफेयर सोसाइटी में भव्य अन्नकूट महोत्सव

जयपुर हाउस में श्री गोवर्धन महाराज की पूजा करते केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल। साथ मौजूद हैं अनिल वर्मा एडवोकेट और अन्य कॊलोनीवासी।

जयपुर हाउस आवासीय वेलफेयर सोसाइटी (रजि.) में मंगलवार को श्री गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट प्रसादी महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। पूरे कार्यक्रम में श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।

भक्तिरस में डूबे इस आयोजन में सुप्रसिद्ध भजन गायिका सुजाता शर्मा ने अपने मधुर भजनों से ऐसा माहौल बनाया कि पूरा परिसर गोवर्धन महाराज के जयघोषों से गूंज उठा। सुरीले भजनों की श्रृंखला में- गिरिराज धरण हम तेरी शरण... और गोवर्धन परबत धरे नंदलाल... जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल थे। उन्होंने कहा कि जयपुर हाउस कॉलोनीवासी जिस पारिवारिक एकता के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन करते हैं, वह समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। गोवर्धन पूजा न केवल भक्ति का पर्व है, बल्कि यह हमारी संस्कृति और प्रकृति के प्रति आभार का प्रतीक है।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत गोवर्धन महाराज की पूजा से हुआ, जिसका संयोजन बीके उपाध्याय, सरजू बंसल एवं हर्ष सलूजा द्वारा किया गया।

सोसाइटी के अध्यक्ष अनिल वर्मा एडवोकेट ने कहा कि दीपावली के अगले दिन मनाया जाने वाला अन्नकूट पर्व मानव और प्रकृति के बीच अटूट संबंध की अभिव्यक्ति है। महासचिव मुकुल गर्ग ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में प्रेम, सौहार्द और एकता की भावना को सुदृढ़ करते हैं।

पूरे कार्यक्रम के दौरान कॉलोनीवासी भक्ति रस में डूबे रहे। गोवर्धन महाराज की आरती और प्रसादी वितरण के बाद श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को पर्व की बधाई दी और सामूहिक भोजन का आनंद लिया।

इस मौके पर मौजूद लोगों में गिरिराज बंसल, रंजीत सामा, अरविंद शर्मा (गुड्डू भाई), नवल किशोर अग्रवाल, घनश्याम अग्रवाल, राकेश जैन, डॉ. ऋषि महाजन, दिनेश गोयल, अमरीश अग्रवाल, आयुष उपाध्याय, अंकित गर्ग, आशीष गर्ग, फूलचंद बंसल, पुनीत कक्कर, प्रवीण महाजन, ओ. पी. निरंजन, डॉ. विजय कटयाल, पार्षद रेणु गुप्ता, राजेंद्र बात्रा, राज किशोर खंडेलवाल, सुभाष अग्रवाल, बी. डी. अग्रवाल, सलोनी बघेल, राजेश नागपाल आदि प्रमुख थे।

वजीरपुरा के सीताराम मंदिर में 15 फुट ऊंचे गोवर्धन महाराज का अन्नकूट महोत्सव

वजीरपुर स्थित सीताराम मंदिर परिसर में गोवर्धन महाराज की पूजा करते महंत अनंत उपाध्याय, मुकेश शर्मा, मनीष अग्रवाल, संजय उपाध्याय, अरुण उपाध्याय आदि।

वजीरपुरा स्थित प्राचीन सीताराम मंदिर में बुधवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। 15 फुट ऊँचे पर्वत रूप में सजे गोवर्धन महाराज का श्रृंगार अत्यंत भव्य था।
महंत अनंत उपाध्याय और पंडित मुकेश शर्मा ने वेद मंत्रों के साथ पूजन कराया। पूजन के उपरांत भक्तों ने दुग्धधार अर्पित कर परिक्रमा दी और “गिरिराज धरण हम तेरी शरण” के भजनों से मंदिर परिसर गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान अन्नकूट प्रसादी का वितरण किया गया, जिसका सभी श्रद्धालुओं ने आनंद लिया।

अंत में महाआरती की गई और गिरिराज महाराज के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर संजय उपाध्याय, अरुण उपाध्याय, अजय उपाध्याय, मनीष अग्रवाल, डॉ. हरेंद्र गुप्ता, हनी, आयुष उपाध्याय, मनोज गुप्ता, प्रशांत रस्तोगी, दीपक, अशोक गोयल, डॉ. संजीव नेहरू, सलोनी नेहरू, अमित, रितु, राधिका, सुमित कटारा आदि उपस्थित रहे।

दुग्ध धार से पूजे गिरिराज महाराज, खाटू नरेश सजे दिव्य फूल बंगले में

श्री खाटू श्याम जी मंदिर जीवनी मंडी में गोवर्धन उत्सव पर दुग्ध धार से गिरिराज महाराज का पूजन करते श्रद्धालु।

गोवर्धन उत्सव के पावन अवसर पर जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में भक्तिभाव और आनंद का अद्भुत संगम देखने को मिला। दुग्ध की धार के साथ गिरिराज महाराज का पूजन हुआ, वहीं खाटू नरेश का दिव्य फूल बंगला और स्वर्णिम श्रृंगार भक्तों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

मंदिर परिसर दीपों, पुष्पों और रोशनी से नहाया हुआ भक्ति का अद्भुत केंद्र बना रहा। भक्तों ने गिरिराज धरण की जय और श्याम बाबा के जयघोषों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।

अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि इस अवसर पर खाटू नरेश का दिव्य फूल बंगला सजाया गया। पोशाक एवं श्रृंगार सेवा हरिश्चंद्र अग्रवाल और सुनील अग्रवाल द्वारा की गई, वहीं गोवर्धन महाराज की सेवा राकेश गर्ग, अन्नकूट प्रसादी सेवा रविशंकर अग्रवाल, भंडारा सेवा मनीष गोयल, इत्र सेवा नीरज बंसल, और लाइटिंग सेवा श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट की ओर से की गई। श्रद्धालुओं ने मिलकर गिरिराज महाराज का दुग्ध धार से अभिषेक और पूजन किया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने गोवर्धन महाराज की परिक्रमा की और अन्नकूट प्रसादी का वितरण हुआ।

पार्श्वनाथ पंचवटी राधाकृष्ण मंदिर में गोवर्धन पूजन

पार्श्वनाथ पंचवटी के राधाकृष्ण मंदिर में गोवर्धन पूजन करते श्रद्धालुजन।

पार्श्वनाथ पंचवटी कॉलोनी स्थित राधाकृष्ण मंदिर में भी गोवर्धन पूजन एवं अन्नकूट प्रसाद का भव्य आयोजन हुआ। फूलों और दीपों से सजे मंदिर में भक्तों ने परिवार सहित आकर गोवर्धन महाराज का पूजन किया और सुख-समृद्धि की कामना की।
पूजन विधि पंडित गिरीश उपाध्याय के आचार्यत्व में संपन्न कराई गई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भक्तों ने गोवर्धन पर्वत की प्रतीकात्मक परिक्रमा लगाई। गोवर्धन महाराज के जयघोषों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा।
अन्नकूट प्रसाद के रूप में विभिन्न प्रकार के व्यंजन अर्पित किए गए और भक्तों ने एक-दूसरे को पर्व की बधाई दी।
इस अवसर पर चांदनी भोजवानी, श्याम भोजवानी, डॉ. सुनीता सिंह, पदमा सकलेचा, संदेश जैन, गीता आहूजा, उषा सिंह, शिवराज पेडनेकर, रेनू, सुनीला जैन, संगीता जैन, परी, प्रताप सिंह, सना सिंह, रॉबी, उदय सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

गोवर्धन महाराज की महिमा में डूबा श्री वरद वल्लभा महागणपति मंदिर परिसर

छलेसर स्थित श्री वरद वल्लभा महागणपति मंदिर में गोवर्धन उत्सव की स्वर्णिम छटा।

छलेसर स्थित श्री वरद वल्लभा महागणपति मंदिर में भक्तिभाव से परिपूर्ण गोवर्धन पूजन का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और पुष्पों से भव्य रूप से सजाया गया, वहीं विद्युत सज्जा की मनोहारी झिलमिलाहट ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

मंदिर परिसर में भगवान श्री महागणपति और गोवर्धन महाराज का मनोहारी श्रृंगार किया गया। भक्तों ने अन्नकूट प्रसादी का आनंद लिया तथा भक्ति रस से ओत-प्रोत ‘गिरिराज धरण हम तेरी शरण’, ‘गोवर्धन गिरिधारी लाल की जय’ जैसे भजनों के साथ वातावरण को कृष्णमय बना दिया। मंदिर के संस्थापक हरिमोहन गर्ग ने बताया कि यह पर्व प्रकृति और पर्यावरण के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे जिन्होंने परिवार सहित पूजा-अर्चना कर भगवान से सुख, समृद्धि और शांति की कामना की।

गोवर्धन महाराज के जयघोष से गूंजा श्री महालक्ष्मी मंदिर

श्री महालक्ष्मी मंदिर बल्केश्वर में गोवर्धन महाराज की पूजा करते विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल। साथ हैं ट्रस्टी राममोहन कपूर, सतीश कपूर, अपिल कपूर, अध्यक्ष संजय अग्रवाल आदि।

श्री महालक्ष्मी मंदिर, बल्केश्वर में महालक्ष्मी भक्त मंडल द्वारा श्री देवी जी ट्रस्ट के तत्वावधान में भव्य गोवर्धन पूजन महोत्सव का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। महालक्ष्मी मैया और गोधन से बने 17 फुट के गोवर्धन महाराज का दिव्य फूल बंगला श्रृंगार, अन्नकूट प्रसादी, और आतिशबाजी इस धार्मिक आयोजन के मुख्य आकर्षण रहे।

पूजन कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और भक्ति गीतों के साथ हुई। मंदिर परिसर को सैकड़ों दीपों, रंगीन झालरों और पुष्पमालाओं से सजाया गया। भक्तों ने गोवर्धन महाराज की जय और जय महालक्ष्मी माता के जयघोषों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने गोवर्धन महाराज की पूजा कर श्रद्धा के साथ अन्नकूट प्रसाद अर्पित किया। पूजन का शुभारंभ विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल के साथ ट्रस्टी राममोहन कपूर, सतीश कपूर, अपिल कपूर और श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर मंत्री मनोज जैन, कोषाध्यक्ष अशोक सिंघल, राकेश अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, दिलीप भंडारी, मनीष अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, सुमित अग्रवाल आदि उपस्थित रहे। भजन-कीर्तन के दौरान कलाकारों ने सुमधुर प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम के अंत में भक्तों ने अन्नकूट प्रसादी का स्वाद ग्रहण किया और सामूहिक आरती में सम्मिलित हुए।

अग्रवाल संगठन कमला नगर में अन्नकूट महोत्सव और प्रसाद वितरण

महाराजा अग्रसेन सेवा सदन, कमला नगर में आयोजित अन्नकूट महोत्सव में मौजूद श्रद्धालुजन।

अग्रवाल संगठन कमला नगर द्वारा महाराजा अग्रसेन सेवा सदन, कमला नगर में अन्नकूट महोत्सव एवं प्रसाद वितरण का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया गया।

संगठन के अध्यक्ष रवीन्द्र अग्रवाल ने बताया कि इस अवसर पर 21 फुट ऊंची भव्य गोवर्धन महाराज और बिहारी जी की झांकी सजाई गई, जहां दर्शन और पूजा के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन पदाधिकारियों द्वारा गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना से हुआ, तत्पश्चात दूध चढ़ाने और सामूहिक परिक्रमा का आयोजन किया गया।

भक्तों ने गिरिराज महाराज की परिक्रमा की। लगभग 2900 श्रद्धालुओं ने अन्नकूट प्रसाद का भोग लगाकर प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के मार्गदर्शक श्रीराम अग्रवाल एवं संयोजक अनिल अग्रवाल रहे, जबकि संचालन संरक्षक पीयूष अग्रवाल ने किया। संगीत प्रस्तुतियां भजन गायिका ललिता कर्मचंद गांधी ने दीं, जिनका स्वागत मंजू मंगल ने किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री एस. पी. सिंह बघेल, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड के अध्यक्ष राकेश गर्ग, गिर्राज बंसल, पार्षद पूजा बंसल, उमेश कंसल और निवर्तमान पार्षद अमित ग्वाला, सीताराम अग्रवाल, राकेश मंगल, सुनील विकल, अनिल कुमार अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल, संरक्षक मंडल के किशन गोयल, अशोक कुमार गर्ग, एस. एस. अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

कमला नगर–बल्केश्वर में पोला भाई ग्रुप द्वारा गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट भंडारा

 

कमला नगर में गणेश चौराहा का पास पोला भाई ग्रुप द्वारा आयोजित गोवर्धन पूजा महोत्सव की एक झलक।

पोला भाई ग्रुप द्वारा गोवर्धन पूजा एवं विशाल भंडारे का आयोजन बुधवार को कमला नगर छोटे गुरुद्वारे के पास गणेश चौराहा पर किया गया। समिति अध्यक्ष संजय वर्मा (पोला भाई) ने बताया कि पूजन कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने गोवर्धन महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और अन्नकूट प्रसाद का लाभ उठाया।

मथुरा–वृंदावन के कलाकारों द्वारा निर्मित 32 फुट ऊंची गोवर्धन महाराज की प्रतिमा को फूल बंगले और आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। मीडिया प्रभारी राजा शर्मा ने बताया कि अन्नकूट प्रसाद में 151 प्रकार की देसी-विदेशी सब्जियों का मिश्रण तैयार किया गया।

पंडित कृष्णा मिश्रा व आचार्य सचिन दीक्षित के मंत्रोच्चार से रात्रि 9 बजे गोवर्धन महाराज की महाआरती संपन्न हुई। कार्यक्रम में मंजीत सिंह, राममोहन शर्मा, आशू जैन, पप्पू भाई, अरविंद उपाध्याय, राजा शर्मा, इंदर डाबर, रितेश बंसल, बबलू भाई, हनी शर्मा, अभिषेक, हरीशंकर उपाध्याय, अनिल अग्रवाल एडवोकेट, उमेश शर्मा एडवोकेट, सचिन सोलंकी आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

 

SP_Singh AURGURU Editor