आगरा जैन समाज की शिक्षा क्षेत्र में एक और सौगातः एक साल में वीएसपीएस का ढांचा तैयार

आगरा। जैन समाज अब शिक्षा के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक सौगात देने जा रहा है। मेडिटेशन गुरु उपाध्याय श्री विहसंत सागर जी महाराज की प्रेरणा और समाज के सामूहिक सहयोग से आगरा-फिरोजाबाद हाईवे पर अहिंसा ग्रीन वैली टाउनशिप में जैन समाज का अपना सीबीएसई पैटर्न अंग्रेजी माध्यम विद्यालय वीएसपीएस स्कूल (विहसंत सागर पब्लिक स्कूल) आकार लेने लगा है। मात्र एक वर्ष में तीन मंजिला आधुनिक भवन तैयार हो गया है। समाज की शिक्षा के प्रति दूरदर्शिता और समर्पण से बनी यह उपलब्धि आगरा के जैन समुदाय के लिए गर्व का विषय बनने जा रही है।

Nov 10, 2025 - 12:45
 0
आगरा जैन समाज की शिक्षा क्षेत्र में एक और सौगातः एक साल में वीएसपीएस का ढांचा तैयार
आगरा-फिरोजाबाद हाईवे पर ग्रीन वैली टाउनशिप में निर्माणाधीन विहसंत सागर पब्लिक स्कूल परिसर में मौजूद वीएसपीएस ट्रस्ट के पदाधिकारी।

तीन मंजिला आधुनिक भवन का ढांचा तैयार

निर्माण के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सोमवार को विद्यालय परिसर में वीएसपीएस ट्रस्ट की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। अध्यक्ष रोहित जैन ‘अंहिसा’, ट्रस्टीगण और आजीवन सदस्यों ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया। बताया गया कि विद्यालय में लगभग एक दर्जन कक्षाओं, गतिविधि कक्ष, खेल भवन, पुस्तकालय, स्टाफ कक्ष और प्रशासनिक ब्लॉक का निर्माण पूर्ण हो चुका है।

जल्द शुरू होगा अगला चरणः स्मार्ट क्लासेस की तैयारी

ट्रस्ट अध्यक्ष रोहित जैन ‘अंहिसा’ ने कहा कि समाज के दानदाताओं का सहयोग इसी गति से मिलता रहा तो शीघ्र ही फिनिशिंग वर्क और स्मार्ट क्लासेस का अगला चरण प्रारम्भ कर दिया जाएगा। इसके लिए बेंगलुरु की एक प्रतिष्ठित कंपनी से बातचीत चल रही है, ताकि विद्यालय में अत्याधुनिक डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

ट्रस्ट ने पेश की रिपोर्ट और भविष्य की रूपरेखा

महामंत्री अजित जैन ‘चांदी’ ने बीते वर्ष की गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और भविष्य की योजनाओं का खाका रखा। कोषाध्यक्ष शैलेन्द्र जैन ने ट्रस्ट की आय-व्यय रिपोर्ट जारी करते हुए समाज के अधिक से अधिक लोगों से ट्रस्टी बनने की अपील की।

समाज से आह्वानः कोई घर इस पुण्य कार्य से अछूता रहे

मुख्य संयोजक मनोज जैन बांकलीवाल ने कहा कि समाज में अक्सर स्कूल-कॉलेज निर्माण की चर्चा होती है, अब वही अवसर साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि हर परिवार को इस पुण्य कार्य में अपना सहयोग देना चाहिए ताकि यह शिक्षण संस्थान समाज का गौरव बन सके।

ट्रस्ट की मेहनत को सराहा गया

कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्यजनों ने अध्यक्ष रोहित जैन ‘अंहिसा’ और ट्रस्ट टीम की मेहनत की खुलकर सराहना की। सभा का संचालन मुख्य संयोजक मनोज जैन बांकलीवाल ने किया।

इस अवसर पर अशोक जैन, सतेन्द्र जैन, अंकुश जैन, कुमार मंगलम जैन, आलोक जैन, वीरेन्द्र जैन, सुभाष जैन, मीडिया प्रभारी शुभम जैन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor