आगराः कालिंदी विहार में ज्वेलर्स का शटर काटकर लाखों के गहने उड़ाए, सीसीटीवी में कैद चोर
आगरा। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के कालिंदी विहार में बीती रात चोरों ने पुलिस-गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बना डाला। कालिंदी विहार की 100 फुटा रोड स्थित कृष्णा पैलेस में ‘मां पीतांबरा ज्वैलर्स’ के नाम से दुकान चलाने वाले ज्वेलर रोहित के अनुसार जब वह सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि शटर कटा हुआ पड़ा है। अंदर घुसने पर सारा सामान बिखरा हुआ था।
चोर करीब दो किलो चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए।
सीसीटीवी फुटेज में एक चोर साफ दिखाई दे रहा है, जिसने चेहरा छिपाने के लिए शॉल ओढ़ रखी थी। फुटेज के मुताबिक चोरी की वारदात तड़के करीब साढ़े तीन बजे की है।
ज्वैलर के अनुसार चोरी गए माल की कीमत लगभग ढाई लाख रुपए है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही है और यह भी पता लगा रही है कि वारदात को अंजाम सिर्फ एक चोर ने दिया या उसके साथ और लोग भी थे। फिलहाल पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे, लेकिन इतनी चौकसी वाले इलाके में इस तरह की बड़ी चोरी ने सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।