आगरा–झांसी–आगरा टीएसडी एडवेंचर रैली का औपचारिक आगाज़, स्क्रुटनी सत्र में गूंजा रोमांच का बिगुल, 52 कारें, 25 बाइकें और 700–800 किमी की चुनौतीपूर्ण यात्रा; देश भर से 77 प्रतिभागी, तीन दिन में तीन चरणों की परीक्षा

आगरा। मोटरस्पोर्ट प्रेमियों के लिए रोमांच और अनुशासन का संगम बन चुकी आगरा–झांसी–आगरा टीएसडी एडवेंचर रैली का औपचारिक शुभारंभ गुरुवार को स्क्रुटनी (तकनीकी जांच) सत्र के साथ हो गया। फतेहाबाद रोड स्थित होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट में आयोजित इस सत्र में प्रतिभागी वाहनों की गहन तकनीकी जांच, सुरक्षा मानकों का परीक्षण और रैली से जुड़ी विस्तृत ब्रीफिंग दी गई।

Feb 19, 2026 - 18:49
 0
आगरा–झांसी–आगरा टीएसडी एडवेंचर रैली का औपचारिक आगाज़, स्क्रुटनी सत्र में गूंजा रोमांच का बिगुल, 52 कारें, 25 बाइकें और 700–800 किमी की चुनौतीपूर्ण यात्रा; देश भर से 77 प्रतिभागी, तीन दिन में तीन चरणों की परीक्षा
फतेहाबाद रोड स्थित कोर्टयार्ड बाय मैरियट में आयोजित स्क्रुटनी सत्र के दौरान प्रतिभागियों को मार्गदर्शन देते रैली विशेषज्ञ सुदेव बरार।

मोटर स्पोर्ट्स क्लब ऑफ आगरा द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय रैली में देश के विभिन्न राज्यों से आए कुल 77 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 52 कार चालक और 25 बाइक राइडर शामिल हैं। प्रतिभागियों की मौजूदगी से होटल परिसर रैली के उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल से सराबोर नजर आया।

देशभर से जुटे रैली प्रेमी

रैली में आगरा के अलावा चिकमंगलूर, कोयंबटूर, देहरादून, दिल्ली, तमिलनाडु, गाजियाबाद, गुरुग्राम, ग्वालियर, हैदराबाद, जयपुर, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, मथुरा, मेरठ, नोएडा, रोहतक और सिक्किम जैसे शहरों के प्रतिभागी शामिल हैं। इसके साथ ही ऑटोमोटिव क्षेत्र के पांच प्रसिद्ध इंफ्लुएंसर्स की भागीदारी ने रैली को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है।

टीएसडी प्रारूप की बारीकियां समझाईं

स्क्रुटनी सत्र के दौरान रैली विशेषज्ञ सुदेव बरार ने प्रतिभागियों को टीएसडी (टाइम, स्पीड, डिस्टेंस) प्रारूप की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने रोड बुक पढ़ने की तकनीक, समय प्रबंधन, औसत गति बनाए रखने और नेविगेशन से जुड़ी व्यवहारिक चुनौतियों पर मार्गदर्शन किया।

क्लब चेयरमैन राममोहन कपूर ने बताया कि रैली में सबसे कम टाइम पेनल्टी प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को विजेता घोषित किया जाएगा, जिससे गति नहीं बल्कि सटीकता और अनुशासन को प्राथमिकता दी जाएगी।

आयोजन को आगरा नगर निगम का सहयोग प्राप्त है। रैली के माध्यम से “स्वच्छ भारत अभियान” का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

तीन चरण, एक बड़ा लक्ष्य

संरक्षक हरविजय सिंह बाहिया ने बताया कि रैली तीन चरणों में आयोजित की जाएगी। प्रथम चरण आगरा जनपद में, द्वितीय चरण में प्रतिभागी झांसी के लिए रवाना होंगे, जबकि तृतीय चरण में झांसी से आगरा वापसी होगी। कुल मिलाकर प्रतिभागी 700 से 800 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण यात्रा तय करेंगे।

सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय आकर्षण

सचिव प्रशांत जैन और अध्यक्ष खेल अमित मित्तल ने बताया कि रैली दुर्गम मार्गों और ग्रामीण अंचलों से होकर गुजरेगी, इसलिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
रैली का विशेष आकर्षण पुणे से अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त रैली ड्राइवर संजय टकाले की उपस्थिति रहेगी, जो गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करेंगे। वे विश्व स्तर पर कार रैली के एक सेगमेंट में जीत दर्ज करने वाले एकमात्र भारतीय हैं।

विजेताओं का होगा सम्मान

रैली के समापन पर प्रोफेशनल, नोवाइस, कपल और महिला श्रेणियों में विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों का विश्वास है कि यह एडवेंचर रैली उत्तर प्रदेश, विशेषकर बुंदेलखंड क्षेत्र के पर्यटन को बढ़ावा देने, सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने और मोटरस्पोर्ट संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में अहम भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर अध्यक्ष राजीव गुप्ता, कोषाध्यक्ष रचित अग्रवाल, अर्पित अग्रवाल, सह सचिव करण अग्रवाल, सह कोषाध्यक्ष हेमंत जैन, उपाध्यक्ष मनोज खान, रामप्रताप सहित अनेक पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor