आगरा की शेरनियों का कमाल: राज्य सीनियर फुटबॉल चैंपियन बनीं, वाराणसी को 1–0 से मात
गोंडा में आयोजित पं. दीन दयाल उपाध्याय राज्य सीनियर महिला फुटबॉल चैंपियनशिप का फाइनल मंगलवार को आगरा की महिला फुटबॉल टीम के नाम रहा। पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही आगरा की टीम ने वाराणसी को रोमांचक मुकाबले में 1–0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। निर्णायक गोल पायल ने 58वें मिनट में दागा, जिसने आगरा को प्रदेश की नई चैंपियन बना दिया।
गोंडा। गोंडा के मैदान पर खेला गया राज्य स्तरीय सीनियर महिला फुटबॉल चैंपियनशिप का फाइनल आगरा की टीम के शानदार प्रदर्शन का साक्षी बना। आगरा की खिलाड़ी पायल ने 58वें मिनट में गोल दागकर टीम को निर्णायक बढ़त दिलाई, जिसे वाराणसी अंतिम सीटी तक बदल नहीं सकी।
कप्तान श्रुति जादौन के नेतृत्व में आगरा की टीम ने मजबूत डिफेंस, बेहतरीन पासिंग और आक्रामक रणनीति के दम पर पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारा।
आगरा की महिला टीम की अपराजेय यात्रा
आगरा की महिला फुटबॉल टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत मिर्जापुर के खिलाफ शानदार जीत के साथ की, जहां पायल ने 9वें और 30वें मिनट में गोल करते हुए टीम को 2–0 से विजयी बनाया। इसके बाद लखनऊ के खिलाफ दूसरे मुकाबले में भी आगरा का दबदबा कायम रहा और 15वें तथा 29वें मिनट में हुए दो तेज़ गोलों ने टीम को लगातार दूसरी जीत दिलाई।
तीसरे मैच में गोरखपुर के खिलाफ 38वें मिनट में किए गए निर्णायक गोल ने आगरा को पूल में शीर्ष स्थान दिलाते हुए क्वालीफिकेशन सुनिश्चित किया। क्वार्टर फाइनल में टीम ने बेहतरीन तालमेल और दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मेरठ को 1–0 से हराकर सेमीफाइनल का रास्ता तय किया। सेमीफाइनल में लखनऊ के साथ हुए रोमांचक मुकाबले में मैच बराबरी पर रहने के बाद आगरा ने पेनल्टी शूटआउट में शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश पाया।
खिताबी मुकाबले में आगरा ने वाराणसी से भिड़ंत की और 58वें मिनट में पायल के गोल ने जीत की नींव रखकर टीम को 1–0 से राज्य सीनियर फुटबॉल चैंपियन बना दिया।
टीम की खिताबी जीत पर डीएफए अध्यक्ष बिल्लू चौहान, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा, कोच योगेश वर्मा, अक्षय सिंह, आदित्य चौहान, उर्वशी सिकरवार आदि ने खिलाड़ियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए आगरा की इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताया है।