आगरा में मां आलय संस्था ने स्कॊलरशिप के जरिए 70 बेटियों की शिक्षा के सपनों को दी नई दिशा
शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर भविष्य की ओर कदम बढ़ा रहीं जरूरतमंद बालिकाओं के लिए माँ-आलय संस्था ने प्रेरक पहल करते हुए छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर 70 प्रतिभाशाली छात्राओं को कुल डेढ़ लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान कर उनके शैक्षिक सपनों को मजबूती दी गई। समाज के प्रबुद्धजनों की उपस्थिति में हुए इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि यदि अवसर और सहयोग मिले तो बेटियाँ किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं रहतीं।
मां-आलय संस्था की पहल, 70 छात्राओं को मिली डेढ़ लाख की छात्रवृत्ति
आगरा। मां-आलय संस्था के बैनर तले रामबाग स्थित नई दिशा सामाजिक संस्थान में जरूरतमंद एवं प्रतिभाशाली बालिकाओं को छात्रवृत्ति चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. पूनम सिंह, प्राचार्य बैकुण्ठी देवी कन्या महाविद्यालय तथा विशिष्ट अतिथियों डॉ. सरोज भार्गव, डॉ. साधना सिंह, डॉ. जाहन्वी शर्मा, डॉ. शैलजा मिश्रा, नंद नंदन गर्ग, केशव दत्त गुप्ता एवं नीरू गुप्ता द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
संस्था की संस्थापिका राधामुकुल गुप्ता ने कहा कि जीवन में लक्ष्य का होना अत्यंत आवश्यक है। शहर के विभिन्न महाविद्यालयों में अध्ययनरत प्रतिभाशाली और जरूरतमंद छात्राओं का चयन प्रधानाचार्यों द्वारा किया गया। चयनित लगभग 70 छात्राओं को कुल एक लाख 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि छात्रवृत्ति के रूप में प्रदान की गई। इसमें डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, बैकुण्ठी देवी कन्या महाविद्यालय, बी.डी. जैन कन्या विद्यालय, ललित कला संस्थान, मनोरमा मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट और दयालबाग शिक्षण संस्थान की छात्राएं शामिल रहीं।
संस्थान संचालक संजीव दौनेरिया ने छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाली छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीवन में संघर्षों से घबराने के बजाय दृढ़ निश्चय के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने, पढ़ाई के साथ-साथ खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। मंच संचालन शुभम दौनेरिया ने किया।
कार्यक्रम में डॉ. विनीता गुप्ता, डॉ. नीलम कांत, प्रो. शैलजा मिश्रा, डॉ. बिंदु अवस्थी, डॉ. राधारानी गुप्ता, ममता बंसल, एडवोकेट आनंद प्रकाश गुप्ता, सुशील दौनेरिया सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।