आगराः चार महीने से महिला का पीछा कर रहा था मनचला, रात में दीवार फांदने की हरकत कैमरे में कैद
आगरा। शहर के दयालबाग क्षेत्र में एक मनचले की हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इस मामले में दयालबाग निवासी एक महिला ने चार महीने से पीछा करने और उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए एक युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
महिला का कहना है कि आरोपी पिछले चार महीने से लगातार उसका पीछा कर रहा था और रात में उसके घर के बाहर आकर गेट पीटने जैसी हरकतें करता था। आरोपी की हरकतें सीसीटीवी में भी कैद हो चुकी हैं।
पीड़िता के अनुसार यह युवककई बार उसके कार्यस्थल और बाजार तक पीछे-पीछे पहुंच जाता था। महिला ने बताया कि 21 अक्टूबर की रात को आरोपी ने चेहरा ढंककर उसके घर की दीवार फांदने की कोशिश की। नाकाम रहने पर युवक ने गेट के अंदर एक बॉक्स टांग दिया, जिसे देखकर महिला घबरा गई और शोर मचा दिया। मनचले की यह हरकत भी सीसीटीवी में कैद हो गई है।
महिला ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी और अपने घर पर लगे सीसीटीवी कैमरों के वीडियो फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराए, जिनमें आरोपी की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दे रही हैं।
वीडियो में युवक को रात में गेट के पास घूमते और कुछ समय बाद बॉक्स टांगते हुए देखा जा सकता है। पुलिस ने वीडियो को महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की है।
न्यू आगरा थाना पुलिस ने महिला की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़, पीछा करने और घर में घुसने की कोशिश जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला द्वारा दिए गए वीडियो साक्ष्यों की जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।