ट्रक पलटने से दो घंटे से जाम है आगरा-मथुरा हाइवे
आगरा। आगरा-मथुरा हाइवे पर अनाज से भरा ट्रक पलटने से हाइवे पर सिकंदरा से लेकर वॉटरवर्क्स तक जाम लगा हुआ है। जाम के हालात पिछले दो घंटे से बने हुए हैं। यातायात पुलिस और थाना पुलिस यातायात को व्यवस्थित करने के लिए लगातार जूझ रहे हैं। यदि आप हाइवे से होकर जाना चाहते हैं तो कुछ घंटों के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाएं।
आज सुबह गुरुद्वारा गुरु का ताल के पास अनाज से भरा ट्रक तकनीकि ख़राबी आने के कारण पलट गया। ट्रक में रखे अनाज की बोरी सड़क पर बिखर गईं। इसके बाद देखते ही देखते हाइवे पर जाम के हालात बनते गए।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस और यातायात पुलिस सक्रिय हुई। वे लगातार यातायात को संचालित कराने के लिए जूझ रहे हैं। इधर ट्रक को रोड से हटाने के लिए क्रेन मंगा ली गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यातायात के सुगम संचालन में अभी कुछ वक्त लगेगा। मौक़े पर पुलिस धीरे धीरे वाहनों को निकलवा रही है।