धरती से चांद की दूरी से डेढ़ गुना अधिक दौड़ी आगरा मेट्रो
आगरा। वर्ष 2024 अब समापन की ओर है और हम सभी नववर्ष 2025 के स्वागत की तैयारी कर रहे हैं। आगरा मेट्रो के लिए वर्ष 2024 यात्री सुविधा और संतुष्टि के लिए बेहद सफल और संतुष्टि से भरा रहा। 2024 का नया साल शुरु होते ही आगरा मेट्रो यात्री सेवाओं का शुभारंभ प्रधानमंत्री ने 6 मार्च को किया था। मेट्रो में 15 लाख लोगों ने सफर किया।
आगरा मेट्रो के यात्री यूपीएमआरसी के परिवार का हिस्सा हैं, यात्रियों की सुविधा और मनोरंजन के लिए स्टेशनों पर वर्षभर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। साथ ही स्कूल कॉलेजों और दफ्तरों में मेट्रो जागरुकता सत्र का भी आयोजन किया गया।
ताज ईस्ट गेट से मनकामेश्वर मेट्रो स्टेशन के बीच 6 किमी लंबे ट्रैक पर मेट्रो यात्री सेवा दे रही है। यात्रियों को हर 5 मिनट में ट्रेन उपलब्ध कराने के लिए इस ट्रैक पर 5 से 6 ट्रेन सेट दौड़ाए जाते हैं। पूरे साल में आगरा मेट्रो ने करीब 4.8 लाख किलोमीटर का सफर तय कर यात्रियों को सुरक्षित एवं सुकून भरी यात्राएं उपलब्ध कराईं।
आगरा कैंट- कालिंदी विहार कॉरिडोर पर काम शुरू
आगरा कैंट से कालिंदी विहार के बीच लगभग 16 किलोमीटर लंबा दूसरा कॉरिडोर बनना प्रस्तावित है, जिस पर सिविल कार्य शुरू हो चुका है। इसी के साथ प्रथम कॉरिडोर के बैलेंस सेक्शन (मेडिकल कॉलेज - सिकंदरा) पर भी काम तेज़ी से प्रगति कर रहा है, जिसमें टनल निर्माण एवं स्टेशन निर्माण का कार्य तेज़ी से पूरा किया जा रहा है एवं अगले वर्ष आरबीएस कॉलेज मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो संचालन किए जाने का लक्ष्य तय किया गया है ।