आगरा मेट्रो का आईएसबीटी तक विस्तार तेज, सिंगल पिलर तकनीक से आकार ले रहे नए स्टेशन
आगरा मेट्रो के प्रथम कॉरिडोर को आईएसबीटी तक बढ़ाने का काम तेजी से चल रहा है। भूमिगत स्टेशनों की फिनिशिंग अंतिम चरण में है और एलिवेटेड सेक्शन में सिंगल पिलर तकनीक से आईएसबीटी, गुरु का ताल और सिकंदरा स्टेशन बनाए जा रहे हैं। इन स्टेशनों पर हाईवे के दोनों ओर से प्रवेश और फुटओवर ब्रिज की सुविधा भी मिलेगी।
आगरा। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) द्वारा आगरा मेट्रो के प्रथम कॉरिडोर को आईएसबीटी तक विस्तारित करने का काम तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। इस क्रम में भूमिगत स्टेशनों का फिनिशिंग कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है, जबकि आईएसबीटी मेट्रो स्टेशन अब स्पष्ट रूप से आकार लेने लगा है।
प्रथम कॉरिडोर के शेष एलिवेटेड सेक्शन में मेट्रो स्टेशनों का निर्माण आगरा मेट्रो के अन्य स्टेशनों से अलग और आधुनिक डिजाइन में किया जा रहा है। इस हिस्से में आने वाले तीनों स्टेशन आईएसबीटी, गुरु का ताल और सिकंदरा सिंगल पिलर तकनीक से बनाए जा रहे हैं। इस तकनीक के जरिए न सिर्फ निर्माण को अधिक प्रभावी बनाया गया है, बल्कि सड़क पर जगह की समस्या को भी कम किया गया है।
हाईवे को ध्यान में रखकर बदली गई डिजाइन
प्रथम कॉरिडोर का यह हिस्सा मुख्य रूप से राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) के ऊपर से गुजरता है। इसी वजह से यहां पारंपरिक स्टेशन डिजाइन की तुलना में छोटा कॉन्कोर्स तैयार किया गया है, ताकि ट्रैफिक पर न्यूनतम असर पड़े और निर्माण कार्य भी तेजी से पूरा हो सके।
दोनों ओर से मिलेगा प्रवेश, फुटओवर ब्रिज का भी लाभ
इस सेक्शन के तीनों स्टेशनों पर यात्रियों को राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर से स्टेशन में प्रवेश और निकास की सुविधा मिलेगी। खास बात यह है कि स्टेशन से जुड़े फुटओवर ब्रिज का उपयोग आम राहगीर भी सड़क पार करने के लिए कर सकेंगे, जिससे स्थानीय लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी। आगरा मेट्रो का यह विस्तार न केवल शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करेगा, बल्कि आईएसबीटी और आसपास के क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी भी प्रदान करेगा।