आगराः मुकेश कुमार को उप निदेशक उद्यान और अनीता सिंह को डीएचओ का प्रभार

आलू बीज वितरण गड़बड़ी प्रकरण में निलंबन के बाद खाली पड़े आगरा के दो महत्वपूर्ण पदों पर आखिरकार विभाग ने कार्यभार सौंप दिया है। लगभग बारह दिनों की प्रतीक्षा के बाद आगरा को नए जिला उद्यान अधिकारी और उपनिदेशक उद्यान के रूप में अतिरिक्त प्रभार मिल गया है, जिससे किसानों की उम्मीदें फिर से जाग उठी हैं।

Nov 20, 2025 - 22:36
 0
आगराः मुकेश कुमार को उप निदेशक उद्यान और अनीता सिंह को डीएचओ का प्रभार

आगरा। शासन स्तर से उद्यान विभाग में लंबे समय से लंबित दो महत्वपूर्ण पदों पर आज नए अतिरिक्त प्रभार दिए गए। विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, फिरोजाबाद की जिला उद्यान अधिकारी अनीता सिंह को आगरा जिला उद्यान अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इसके साथ ही कानपुर के उपनिदेशक उद्यान मुकेश कुमार को आगरा के उपनिदेशक उद्यान का भी अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि आगरा के उपनिदेशक उद्यान डॉ. धर्मपाल यादव और जिला उद्यान अधिकारी बैजनाथ सिंह को 8 नवंबर को आलू बीज वितरण में कथित गड़बड़ी, अनियमितताओं और जिम्मेदारी निभाने में चूक के आरोपों के चलते निलंबित किया गया था।
निलंबन के बाद दोनों पद खाली थे, जिससे कई योजनाओं, निरीक्षणों और किसानों से जुड़े कार्य प्रभावित हो रहे थे। लगभग 12 दिन बीत जाने के बाद भी कार्यभार किसी को न सौंपे जाने से किसान संगठनों में नाराजगी थी।

किसान नेता लक्ष्मीनारायण बघेल, श्याम सिंह चाहर सहित कई प्रतिनिधि लगातार लखनऊ स्तर पर अधिकारियों से वार्ता कर रहे थे और मांग रख रहे थे कि जल्द से जल्द दोनों पदों पर जिम्मेदार अधिकारियों की नियुक्ति की जाए ताकि आलू उत्पादक किसानों की समस्याओं का समाधान हो सके।

विभाग द्वारा आज जारी आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि ये नियुक्तियां अतिरिक्त प्रभार के रूप में हैं। स्थायी नियुक्तियां शासन द्वारा उचित समय पर की जाएंगी।
नए प्रभार मिलने के बाद उम्मीद की जा रही है कि किसानों से जुड़े लंबित कार्य, बीज वितरण व्यवस्था और क्षेत्रीय निरीक्षणों में गति आएगी।

SP_Singh AURGURU Editor