आगरा में एचआर मैनेजर की नृशंस हत्या से उबाल, एनसीडब्ल्यू ने लिया स्वतः संज्ञान, 5 दिन में रिपोर्ट तलब
आगरा में HR मैनेजर मिंकी शर्मा की शादी प्रस्ताव ठुकराने पर की गई नृशंस हत्या ने देश को झकझोर दिया। नेशनल कमीशन फॉर वुमेन ने स्वतः संज्ञान लेते हुए यूपी डीजीपी से 5 दिन में रिपोर्ट मांगी है। आरोपी विनय ने चाकू से हमला कर हत्या की और शव के टुकड़े फेंक दिए। शहर में आक्रोश है और फांसी की मांग तेज हो गई है।
आगरा। आगरा में 32 वर्षीय एचआर मैनेजर मिंकी शर्मा की दिल दहला देने वाली हत्या ने न सिर्फ शहर बल्कि पूरे देशभर को झकझोर कर रख दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड पर नेशनल कमीशन फॉर वुमेन (NCW) ने स्वतः संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश के डीजीपी को समयबद्ध और निष्पक्ष जांच के सख्त निर्देश दिए हैं।
महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहटकर ने इस जघन्य घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह मामला महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़ा करता है और दोषी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
शादी प्रस्ताव ठुकराने पर दरिंदगी
पुलिस जांच में सामने आया है कि मिंकी शर्मा के साथ काम करने वाला विनय उनसे प्रेम करता था और शादी का दबाव बना रहा था। जब मिंकी ने उसके प्रस्ताव पर कोई संतोषजनक जबाव नहीं दिया तो वह बौखला गया और उसने बेहद निर्ममता से कई बार चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी थी।
हद तो तब हो गई जब आरोपी ने शव के टुकड़े कर उन्हें अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया, ताकि सबूत मिटाए जा सकें। इस नृशंसता ने पूरे शहर को दहशत में डाल दिया है। हालांकि पुलिस ने हत्यारे को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया है।
हर एंगल से जांच, 5 दिन की डेडलाइन
आगरा पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज, आरोपी की मानसिक स्थिति और पूर्व की धमकियों तक को खंगाला जा रहा है। एनसीडब्ल्यू ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि 5 दिन के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपी जाए।
पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा
महिला आयोग और प्रशासन ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया है कि उन्हें त्वरित और उचित न्याय मिलेगा। दोषी के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में केस चलाने की भी संभावना जताई जा रही है।
शहर में आक्रोश, फांसी की मांग
घटना के बाद आगरा में गुस्से का माहौल है। जगह-जगह लोगों व्दारा आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की जा है। सामाजिक संगठनों और महिला अधिकार समूहों ने इसे महिला सुरक्षा की बड़ी विफलता बताया है।