आगराः जैन समाज की संसद में संगठन का शंखनादः दिगम्बर जैन महासमिति की सभा में एकजुटता का संदेश, सांसद नवीन जैन और राष्ट्रीय मंत्री जितेन्द्र जैन का अभिनंदन

आगरा। दिगम्बर जैन महासमिति (जैन समाज की संसद) के तत्वावधान में आगरा स्थित एम.डी. जैन इंटर कॉलेज, हरीपर्वत के नवनिर्मित सभागार में आयोजित सभा ने जैन समाज की संगठनात्मक शक्ति, चेतना और भविष्य की दिशा को स्पष्ट रूप से रेखांकित कर दिया। आगरा सहित पूरे संभाग से आए समाज के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, युवा व महिला मंडलों की प्रभावशाली उपस्थिति ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।

Jan 10, 2026 - 21:14
 0
आगराः जैन समाज की संसद में संगठन का शंखनादः दिगम्बर जैन महासमिति की सभा में एकजुटता का संदेश, सांसद नवीन जैन और राष्ट्रीय मंत्री जितेन्द्र जैन का अभिनंदन
दिगम्बर जैन महासमिति (जैन समाज की संसद) की एमडी जैन सभागार में हुई सभा में मंच पर मौजूद राज्यसभा सांसद नवीन जैन, राष्ट्रीय मंत्री जितेंद्र जैन, पीएनसी समूह के चेयरमैन प्रदीप जैन और अन्य गणमान्य लोग।

सभा की अध्यक्षता दिगम्बर जैन महासमिति के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष विपिन जैन (मेरठ) ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि आज के समय में जैन समाज के लिए संगठन कोई विकल्प नहीं, बल्कि आवश्यकता है। समाज की एकजुटता ही आने वाले समय की सबसे बड़ी ताकत बनेगी। उन्होंने आगामी जनगणना में जैन समाज की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने और साधु-साध्वियों की सुरक्षा को महासमिति की प्राथमिक जिम्मेदारी बताया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आगरा सांसद नवीन जैन का समाज के पदाधिकारियों द्वारा माल्यार्पण व शॉल ओढ़ाकर भव्य स्वागत किया गया। अपने संबोधन में सांसद नवीन जैन ने जैन समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय योगदान की सराहना करते हुए कहा कि जैन समाज ने सदैव राष्ट्र निर्माण में अनुशासन, सेवा और नैतिक मूल्यों का उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने समाज से जुड़े हर सकारात्मक प्रयास में सहयोग का आश्वासन भी दिया।

विशिष्ट अतिथि प्रदीप जैन (पीएनसी) ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि संगठित समाज ही अपने अधिकारों और कर्तव्यों को प्रभावी ढंग से निभा सकता है।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण दिगम्बर जैन महासमिति के राष्ट्रीय मंत्री जितेन्द्र जैन का भव्य अभिनंदन रहा, जिसे समाजजनों ने उत्साह और सम्मान के साथ सम्पन्न किया।

सभा में आगरा दिगम्बर जैन परिषद, श्री दिगम्बर जैन शिक्षा समिति, विभिन्न धार्मिक-सामाजिक संस्थाओं, युवा मंडलों और महिला मंडलों की सक्रिय सहभागिता रही। बैठक का सशक्त और सुव्यवस्थित संचालन मनोज जैन बाकलीवाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम के उपरांत सभी उपस्थितजनों के लिए वात्सल्य भोज की व्यवस्था की गई।

इस अवसर पर राष्ट्रीय मंत्री जितेन्द्र जैन, अशोक जैन, संभाग मंत्री कुमार मंगलम जैन, जगदीश प्रसाद जैन, मनीष जैन ठेकेदार, राकेश जैन पर्देवाले, विमल जैन, राकेश जैन पार्षद, पुष्पेन्द्र जैन, सुनील जैन ठेकेदार, राजेन्द्र जैन एडवोकेट, दिलीप जैन, रेखा जैन, सपना जैन, शशि पाटनी, सची जैन, वंदना जैन सहित आगरा सकल जैन समाज के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor