नहीं सुधर रही आगरा पुलिसः अब पिढौरा थाने में दरोगा ने युवक को दी थर्ड डिग्री, कॊलर पकड़कर घसीटा और पटे बरसाए, थाने पहुंचे भाई को भी पीटा, सीएम पोर्टल पर शिकायत के बाद लाइन हाजिर

-नीरज परिहार- आगरा। कमिश्नरेट पुलिस एक बार फिर सवालों के घेरे में है। ताजा मामले में थाना पिढ़ौरा में तैनात दरोगा पर एक युवक के साथ बर्बरता से मारपीट का गंभीर आरोप लगा है। महज पांच हजार रुपये के लेन-देन के विवाद में पहुंचे दरोगा ने किसान को कॉलर पकड़कर घसीटा, थाने ले जाकर पटों से बेरहमी से पीटा और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। यही नहीं, थाने पहुंचे उसके भाई को भी पीटा गया। पीड़ित द्वारा मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करने के बाद पुलिस महकमे में हरकत हुई। अधिकारियों ने आरोपी दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया है और मामले की जांच एसीपी को सौंपी गई है।

Mar 28, 2026 - 11:44
 0
नहीं सुधर रही आगरा पुलिसः अब पिढौरा थाने में दरोगा ने युवक को दी थर्ड डिग्री, कॊलर पकड़कर घसीटा और पटे बरसाए, थाने पहुंचे भाई को भी पीटा, सीएम पोर्टल पर शिकायत के बाद लाइन हाजिर
थाना पिढ़ौरा में दरोगा द्वारा दी गई थर्ड डिग्री का पीड़ित अनिल (बाएं) और उसका भाई अजीत।

पांच हजार के विवाद में पहुंची पुलिस, बना दिया अत्याचार का मामला

जानकारी के अनुसार, किरावली क्षेत्र के गांव रामपुर चंद्रसैनी निवासी किसान अनिल भदौरिया का गुरुवार सुबह उनके भाई अजीत के साथ पड़ोसी से करीब पांच हजार रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया था। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन दोपहर में पड़ोसी ने पुलिस को शिकायत दे दी।

दरोगा तालिब चौहान पर गंभीर आरोप

शिकायत पर थाना पिढ़ौरा में तैनात दरोगा तालिब चौहान दो सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि दरोगा ने घर में घुसते ही अनिल भदौरिया को धमकाना शुरू कर दिया और गाली-गलौज की। जब अनिल ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू किया, तो दरोगा भड़क गए और मोबाइल छीन लिया।

कॉलर पकड़कर घसीटा, थाने में बरसाए पटे

पीड़ित के मुताबिक, दरोगा तालिब चौहान अनिल को जबरन गाड़ी में डालकर थाने ले गए। इसी दौरान अजीत भी थाने पहुंच गए। आरोप है कि दरोगा ने अनिल का कॉलर पकड़कर घसीटा और थाने के अंदर ले जाकर हाथ, पीठ और पैरों पर पटों से जमकर पिटाई की। अजीत को भी नहीं बख्शा गया और उसे भी पीटा गया।

मारपीट में गंभीर चोट लगने के बाद दोनों भाइयों को दोपहर करीब तीन बजे धमकाकर छोड़ दिया गया। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत, अधिकारियों ने लिया संज्ञान

शुक्रवार को अनिल भदौरिया ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, जिसमें पीआरवी कर्मियों पर भी आरोप लगाए गए। मामला सामने आते ही डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने तत्काल संज्ञान लिया और आरोपी दरोगा तालिब चौहान को लाइन हाजिर कर दिया।

मामले की जांच एसीपी पिनाहट गिरीश कुमार को सौंपी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित अनिल ने सवाल उठाया है कि वह आखिर कहां अपनी फरियाद करे। यहां कोई तो सुनने वाला नहीं है।

किरावली, छत्ता और अब पिढ़ौरा थाने की घटनाओं ने कमिश्नरेट पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में आक्रोश है और पुलिस के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।

SP_Singh AURGURU Editor