आगराः दो थाना क्षेत्रों में बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने से तीन घायल, कई खुलासे

आगरा। आगरा पुलिस कमिश्नरेट में बीती रात दो थाना क्षेत्रों- बरहन और जगदीशपुरा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। दोनों ही मामलों में बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, लेकिन जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। घटनास्थलों से पुलिस ने अवैध हथियार, चोरी के मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई अपराधियों के खिलाफ चल रहे व्यापक अभियान का हिस्सा है और आगे भी इसी सख्ती से बदमाशों का सफाया किया जाएगा।

Aug 4, 2025 - 09:58
 0
 आगराः दो थाना क्षेत्रों में बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने से तीन घायल, कई खुलासे
जगदीशपुरा थाना क्षेत्र और बरहन थाने के अहारन क्षेत्र में बीती रात पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ों में गोली लगने से घायल हुए बदमाश पुलिस की गिरफ्त में।

-जगदीशपुरा क्षेत्र की मुठभेड में दो और बरहन क्षेत्र की मुठभेड़ में एक चोर दबोचा गया

जगदीशपुरा: शटर तोड़कर चोरी करने वाले गैंग के दो सदस्यों को गोली लगी

बीती रात  थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में बिचपुरी-पथौली नहर पर एसओजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने शटर तोड़कर चोरी करने वाले एक गिरोह को घेर लिया। पुलिस द्वारा रोके जाने पर बदमाशों ने गोली चलाई, जिसके जवाब में हुई फायरिंग में दो बदमाश घायल हो गए। दोनों को अस्पताल भेजा गया है।

घायल बदमाशों के नाम साजिद और सहबान हैं। इनके कब्जे से चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त एक गाड़ी और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। सहायक पुलिस आयुक्त लोहामंडी ने मौके पर पहुंचकर मुठभेड़ की जानकारी दी और गिरोह के नेटवर्क को लेकर विस्तार से जानकारी साझा की। शुरुआती जांच में यह गिरोह शहर में कई दुकानों और संस्थानों में सेंधमारी की घटनाओं में संलिप्त पाया गया है।

ये दोनों बदमाश बीती रात भी गाड़ी लेकर चोरी के इरादे से निकले थे। इन्हें गाड़ी में चोरी का माल भी लेना था। पीछा करते हुए पुलिस ने इन्हें नहर पर घेरा तो दोनों गाड़ी से उतरकर भागते हुए पुलिस पर फायरिंग करने लगे थे। जवाबी फायरिंग में दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें दबोच लिया गया।

बरहन: मोबाइल चोरों से मुठभेड़, एक घायल, दूसरा फरार

थाना बरहन क्षेत्र के अंतर्गत अहारन चौकी के कटका पुल के पास बीती रात पुलिस और मोबाइल चोरों के बीच मुठभेड़ हुई। सूचना के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। इस पर बदमाशों ने पुलिस पर गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी जबकि उसका साथी भाग गया। पकड़े गए बदमाश की पहचान हाथरस निवासी चरन सिंह पुत्र पातीराम के रूप में हुई है।

उसके पास से एक चोरी का मोबाइल, नकदी और अवैध तमंचा बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार छह जून को थाना बरहन में इसके खिलाफ मोबाइल चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया था। फरार साथी की तलाश में पुलिस की टीमें हाथरस में दबिश दे रही हैं।

SP_Singh AURGURU Editor