राणा सांगा जयंती शांति से निपटने पर आगरा पुलिस ने राहत की सांस ली

आगरा। आगरा के गढ़ी रामी में आयोजित राणा सांगा जयंती का कार्यक्रम शांतिपूर्वक सम्पन्न होने से आगरा पुलिस ने राहत की सांस ली है। जयंती समारोह शाम पांच बजे तक चला और इसके बाद सभी लोग अपने घरों को वापस लौटने लगे। इसके बाद ही पुलिस की जान में जान आई।

Apr 12, 2025 - 18:44
 0
राणा सांगा जयंती शांति से निपटने पर आगरा पुलिस ने राहत की सांस ली
ये दोनों चित्र सांसद रामजीलाल सुमन के आवास के पास के हैं, जिन्हें जेसीबी व क्रेन लगाकर मार्गों को रोका गया है।

-आगरा पुलिस को डर था कि भारी भीड़ कहीं सांसद सुमन की आवास की ओर कूच न कर दे

-सुमन के आवास के एरिया को छावनी में बदल दिया था पुलिस ने, तमाम जगहों पर थे बैरियर

आगरा में राणा सांगा की जयंती का आयोजन यूं तो सनातन महासभा के बैनर तले हुआ, लेकिन यह पूरी तरह क्षत्रिय संगठनों, खासकर करणी सेना के विभिन्न गुटों के कब्जे में था। करणी सेना के अध्यक्ष राज शेखावत पिछले कई दिन से लगातार एक ही बात बोल रहे थे कि हम अपनी मांगों को सरकार के सामने रखेंगे। शाम पांच बजे तक इंतजार करेंगे, मांगें नहीं मानी गईं तो हम अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगे। 

राज शेखावत की इन्हीं बातों को लेकर आगरा पुलिस आशंकित थी कि कहीं ये लोग भारी भीड़ लेकर फिर से सांसद सुमन के आवास पर न आ धमकें। इसी आशंका में आगरा पुलिस ने सांसद सुमन के आवास के एक किलोमीटर के दायरे के इलाके को पूरी तरह सील कर दिया था। यहां किसी को भी आने-जाने नहीं दिया जा रहा था। सुमन के आवास की तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

इसके साथ ही आगरा पुलिस ने गढ़ी रामी से सांसद सुमन के आवास तक सैकड़ों बैरियर लगाए थे ताकि किसी भी प्रकार की स्थिति में कोई सांसद आवास तक न पहुंच सके। संजय प्लेस से हरीपर्वत चौराहे के बीज एमजी रोड पर कई जगह जेसीबी मशीनें और क्रेन खड़ी कराकर रास्ता ब्लॊक कर दिया गया था।

हालांकि आगरा के क्षत्रिय संगठनों ने पुलिस प्रशासन को भरोसा दे रखा था कि आयोजन शांतिपूर्वक होगा और सांसद आवास पर कूच करने जैसी कोई बात नहीं होगी। हुआ भी यही, शाम पांच बजे तक राणा सांगा जयंती का कार्यक्रम चला और इसके बाद सभी लोग वहीं से वापस लौट गये।

SP_Singh AURGURU Editor