50 हजार के इनामी रमन सिंह को आगरा पुलिस-एसटीएफ ने दबोचा, हत्या समेत कई मुकदमों में था वांछित

आगरा। जैतपुर और बमरौली कटारा पुलिस की एसटीएफ के साथ संयुक्त कार्रवाई में हत्या समेत कई गंभीर मामलों में वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश रमन सिंह उर्फ अंशु भदौरिया को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर अवैध तमंचा भी बरामद किया है।

Sep 11, 2026 - 17:29
 0
50 हजार के इनामी रमन सिंह को आगरा पुलिस-एसटीएफ ने दबोचा, हत्या समेत कई मुकदमों में था वांछित
आगरा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया 50 हजार का इनामी रमन सिंह उर्फ अंशु भदौरिया।

पुलिस के अनुसार रमन सिंह उर्फ अंशु भदौरिया के खिलाफ आगरा के अलावा मध्य प्रदेश में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। आरोपी रमन सिंह उर्फ अंशु भदौरिया पुत्र हरेंद्र सिंह, निवासी मेला ग्राउंड के पास, थाना कोतवाली, भिंड (मध्य प्रदेश), हाल निवासी ग्राम बिल्हैरा, मौहर सिंह का पुराना, थाना कोतवाली, भिंड है।

पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने आरोपी को थाना जैतपुर क्षेत्र के कमौनी बस स्टॉप से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसकी निशानदेही पर अवैध तमंचा बरामद किया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों और मध्य प्रदेश में दर्ज मुकदमों के संबंध में भी पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

SP_Singh AURGURU Editor