आगराः शोध छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी प्रोफेसर की जमानत पर बाहर आते ही कैंपस में एंट्री

आगरा। शोध छात्रा से दुष्कर्म के गंभीर आरोपों में जेल जा चुके डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग के प्रोफेसर गौतम जैसवार जमानत पर रिहा होने के बाद एक बार फिर विश्वविद्यालय व्यवस्था का हिस्सा बन गए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने उन्हें मुख्य परिसर से दूर छलेसर स्थित कैंपस के फिजिकल एजुकेशन विभाग में ज्वाइन करा दिया है। सोमवार को उन्होंने औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया।

Jan 20, 2026 - 20:50
 0
आगराः शोध छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी प्रोफेसर की जमानत पर बाहर आते ही कैंपस में एंट्री

पीड़िता, जो विश्वविद्यालय से पीएचडी कर रही थी, ने इंस्टीट्यूट ऑफ बेसिक साइंस (आईबीएस) के रसायन विज्ञान विभाग में तैनात प्रो. जैसवार पर शादी का झांसा देकर करीब दो वर्ष तक शारीरिक शोषण का आरोप लगाया था। तहरीर में यह भी कहा गया कि आरोपी ने खुजराहो के होटलों में ले जाकर दुष्कर्म किया, कार्यालय में बुलाकर छेड़छाड़ की, मोबाइल तोड़ने की कोशिश की और शिकायत करने पर करियर बर्बाद करने की धमकी दी।

छात्रा की शिकायत पर न्यू आगरा थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। केस दर्ज होते ही आरोपी प्रोफेसर फरार हो गए थे। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर प्रयागराज से उन्हें गिरफ्तार किया और जेल भेज दिया। लंबे समय तक न्यायिक हिरासत में रहने के बाद उन्हें जमानत मिली।

जमानत के बाद विश्वविद्यालय द्वारा उन्हें मुख्य कैंपस से दूर छलेसर में तैनात किए जाने को लेकर चर्चाएं तेज हैं। अंदरखाने यह भी कहा जा रहा है कि यह कदम इसलिए उठाया गया ताकि उनकी ज्वाइनिंग पर कम ध्यान जाए। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम ने विश्वविद्यालय प्रशासन की संवेदनशीलता, पारदर्शिता और महिला सुरक्षा को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हॆं। खासकर तब, जब मामला अभी न्यायिक प्रक्रिया में है।

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor