आगराः यमुना में छलांग लगाने वाली फिरोजाबाद की महिला को साधु और ग्रामीणों ने बचा लिया
आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में जोनेश्वर घाट पर बुधवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया, जब यमुना नदी में बह रही एक महिला को घाट पर रहने वाले साधु और स्थानीय ग्रामीणों ने साहस दिखाकर सकुशल बचा लिया। बाद में पुलिस की मदद से महिला को उसके परिजनों को सौंप दिया गया। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी, लेकिन महिला के जीवित बच जाने से सभी ने राहत की सांस ली।
बुधवार दोपहर करीब एक बजे फतेहाबाद के जोनेश्वर घाट पर ग्रामीणों ने एक महिला को यमुना नदी में उतराते हुए देखा। महिला पानी में बह रही थी। घाट पर मौजूद साधु मुन्ना प्रकाश ने तुरंत शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया और खुद यमुना में कूद पड़े। ग्रामीणों की मदद से महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
महिला की पहचान फिरोजाबाद लाइन पार निवासी अतश्री पत्नी राजवीर के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार गृहकलह से परेशान होकर अतश्री बुधवार सुबह करीब 10 बजे घर से निकली और वाजिदपुर के यमुना नदी पुल से छलांग लगा दी। इधर परिजन भी इस महिला की तलाश में जुटे हुए थे और उन्होंने पुलिस को भी सूचना दे रखी थी।
ग्रामीणों और साधु द्वारा बचाए जाने के बाद अतश्री बेहोश थी। होश आने पर उसने कुछ जानकारी पुलिस को दी, जिसके आधार पर फिरोजाबाद पुलिस से संपर्क कर परिजनों को सूचना दी गई। खबर मिलते ही परिजन फतेहाबाद पहुंचे और बताया कि वे यमुना नदी में गोताखोरों की मदद से महिला की तलाश कर रहे थे।
महिला के जीवित मिल जाने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को परिजन अपने साथ ले गए।