आगरा सराफा एसोसिएशन: चांदी कारोबार को जीआई टैग की दरकार, ओडीओपी में भी शामिल हो

आगरा। आगरा सराफा एसोसिएशन द्वारा सोमवार को त्रिवेणी ग्रीन, फतेहाबाद रोड पर आयोजित आम सभा, रक्तदान जागरूकता और साइबर क्राइम सजगता कार्यक्रम में चांदी कारोबार को लेकर गंभीर विमर्श हुआ। इस दौरान चांदी कारोबारियों ने जीआई टैग, ओडीओपी में शामिल करने तथा कॊमन फैसिलिटी सेंटर की स्थापना की मांग उठाई।

Aug 25, 2025 - 22:01
 0
आगरा सराफा एसोसिएशन: चांदी कारोबार को जीआई टैग की दरकार, ओडीओपी में भी शामिल हो
आगरा सराफा एसोसिएशन द्वारा सोमवार को त्रिवेणी ग्रीन, फतेहाबाद रोड पर आयोजित आम सभा में मौजूद केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, एमएलसी विजय शिवहरे, मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह, मुरारीलाल फतेहपुरिया, टीएन अग्रवाल, नितेश अग्रवाल और एसोसिएशन के पदाधिकारी।

-एसोसिएशन की आम सभा में कारोबार की चुनौतियाँ रहीं केंद्र में, नुक्कड़ नाटक से दिया रक्तदान और साइबर क्राइम जागरूकता का संदेश

इन अतिथियों ने किया शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, एमएलसी विजय शिवहरे और महापौर हेमलता दिवाकर ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस दौरान संरक्षक मुरारीलाल फतेहपुरिया, सुधीर गुप्ता, अध्यक्ष नितेश अग्रवाल, सचिव अशोक कुमार अग्रवाल, कोषाध्यक्ष प्यारेलाल खंडेलवाल, उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता, विमल नयन फतेहपुरिया और राजा वर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया।

चांदी कारोबार की पहचान को जीआई टैग की दरकार

सभा की प्रस्तावना रखते हुए अध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने कहा कि आगरा आज एशिया का सबसे बड़ा चांदी कारोबार केंद्र बन चुका है। इसलिए आगरा की चांदी को ‘एक जिला एक उत्पाद योजना’ में शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने आगरा में ‘सामूहिक सुविधा केंद्र’ की स्थापना की आवश्यकता पर भी बल दिया।

नितेश अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में चांदी की शुद्धता में लगातार कमी आ रही है, जिससे कारोबार की विश्वसनीयता प्रभावित हो रही है। कई बार कारीगरों द्वारा गवन और धोखाधड़ी की घटनाएं सामने आती हैं, जो व्यापार को गहरी चोट पहुंचाती हैं। सोने के कारोबार में भी बाहरी कारीगरों द्वारा धोखाधड़ी के मामले सामने आते हैं। ऐसे में जरूरी है कि सभी व्यापारी एकजुट होकर माल की गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दें ताकि आगरा की अंतरराष्ट्रीय पहचान और सशक्त हो सके। उन्होंने घने बाजार में लटकते बिजली के तारों को खतरा बताते हुए शासन-प्रशासन से निस्तारण की मांग की।

नेताओं ने दी व्यापारियों को आश्वासन

केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि आगरा का चांदी कारोबार न केवल देश बल्कि एशिया में अपनी पहचान बना चुका है। व्यवसायिक पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करके इस समृद्ध विरासत को और मजबूत किया जा सकता है। सरकार निश्चित रूप से व्यापारियों की मांगों पर संज्ञान लेकर निर्णय लेगी।

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि व्यापारियों को स्थानीय प्रशासन का पूरा सहयोग मिलेगा। घने बाजार जैसे क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाने के प्रयास किए जाएंगे।
एमएलसी विजय शिवहरे ने कहा कि रक्तदान और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम इस सभा की सराहनीय पहल है। व्यापार के साथ-साथ समाज सेवा की भावना भी विकसित होनी चाहिए।

नुक्कड़ नाटक से रक्तदान का संदेश

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में फिल्म थिएटर क्रिएशन ग्रुप ने निर्देशक उमाशंकर विश्व और अध्यक्ष अनिल जैन के नेतृत्व में “जीवन है अनमोल” शीर्षक से भावनात्मक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इस नाटक के माध्यम से रक्तदान के महत्व और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। साथ ही, 31 अगस्त को दरेसी स्थित श्री रामस्वरूप गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित होने वाले विशाल रक्तदान शिविर में अधिक से अधिक भागीदारी का आह्वान किया गया।

साइबर क्राइम पर जागरूकता

कार्यक्रम के अंतिम सत्र में साइबर क्राइम से बचाव को लेकर विशेष सत्र हुआ। विशेषज्ञों ने ऑनलाइन ठगी, डिजिटल लेन-देन की सुरक्षा और सोशल मीडिया से जुड़े जोखिमों पर विस्तार से जानकारी दी तथा सावधानी अपनाने के सुझाव दिए।

कार्यक्रम का संचालन कुलभूषण गुप्ता (राम भाई), अशोक अंबाह और धीरज वर्मा ने किया। संयोजन मयंक अग्रवाल, पंकज गर्ग और मयंक जैन ने संभाला।

SP_Singh AURGURU Editor