आगराः सतीश मांगलिक के पुत्र विवेक का हार्ट अटैक से अबू धाबी में निधन, शहर में शोक
आगरा। शहर के प्रतिष्ठित शांति मांगलिक हॉस्पिटल के चेयरमैन सतीश मांगलिक के पुत्र और ऊर्जावान उद्योगपति विवेक मांगलिक का रविवार को आकस्मिक निधन हो गया। मात्र 54 वर्ष की आयु में दुनिया को अलविदा कह जाने की खबर ने पूरे आगरा को स्तब्ध कर दिया। उनकी मृत्यु का समाचार मिलते ही मांगलिक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वयोवृद्ध पिता सतीश मांगलिक की हालत बिगड़ गई और उन्हें चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।
अबू धाबी एयरपोर्ट पर आया अटैक
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, विवेक मांगलिक व्यावसायिक कार्यों के लिए पिछले सप्ताह अबू धाबी गए थे। रविवार को आगरा लौटने के लिए उन्होंने अबू धाबी एयरपोर्ट से पोलैंड की फ्लाइट पकड़ी थी। विमान में सवार होने के कुछ ही देर बाद अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा। एयर होस्टेस ने तुरंत हालात को देखते हुए उन्हें विमान से उतारकर अस्पताल पहुंचवाया। वहां चिकित्सकों ने सभी परीक्षणों के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शोक में डूबा परिवार
विवेक मांगलिक अपने पीछे पिता सतीश मांगलिक, पत्नी, पुत्र और पुत्री को गमगीन छोड़ गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही उनकी पत्नी व बच्चे अबू धाबी के लिए रवाना हो गए। वहीं आगरा स्थित विभव नगर आवास पर रिश्तेदारों और परिचितों का पहुंचना शुरू हो गया।
समाज और कारोबार में सक्रिय योगदान
विवेक मांगलिक शांति मांगलिक हॉस्पिटल के साथ नर्सिंग कॉलेज एवं विद्यालयों का भी संचालन देख रहे थे। वह शहर की कई सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं से गहराई से जुड़े हुए थे। उनके आकस्मिक निधन से समाज और व्यवसायिक जगत को अपूरणीय क्षति पहुंची है।
शोक संवेदनाएं
शांति मांगलिक नर्सिंग कॉलेज के डायरेक्टर सुरेश चंद गोयल ने कहा कि उनके जीवन में इससे बड़ा दुखदायी क्षण और कोई नहीं हो सकता। बंसल कारपेट के अध्यक्ष प्रवीण बंसल ने इसे व्यक्तिगत क्षति बताते हुए कहा कि उन्होंने एक सच्चा मित्र खो दिया है। सुरीति प्रचारिणी सभा के अध्यक्ष बलवीर शरण गोयल, योगेश शरण गोयल, मंत्री जेपी बागला, उपाध्यक्ष रामशरण मित्तल, तपन ग्रुप के सुरेश चंद गर्ग, संजय अग्रवाल और मोनो सॉफ्ट के राकेश गुप्ता सहित कई सामाजिक हस्तियों ने गहरा शोक व्यक्त किया।