आगरा में सेंट ऑगस्टीन स्कूल की सोसाइटी का विवादः चार के खिलाफ फर्जीवाड़े का केस दर्ज

आगरा। रकाबगंज थाना क्षेत्र स्थित सेंट ऑगस्टीन सीनियर सेकेंडरी स्कूल की सोसाइटी को लेकर छिड़ा विवाद अब अदालत से होते हुए थाने तक पहुंच गया है। उप प्रबंधक राजीव सरकार की शिकायत पर पुलिस ने चार नामजद और चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि स्कूल की सोसाइटी पर कब्जे की नीयत से फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए और विरोध करने पर धमकाने की कोशिश की गई।

Oct 23, 2025 - 12:21
 0
आगरा में सेंट ऑगस्टीन स्कूल की सोसाइटी का विवादः चार के खिलाफ फर्जीवाड़े का केस दर्ज

शिकायतकर्ता राजीव सरकार ने आरोप लगाया है कि उनके ही कुछ परिचित और रिश्तेदारों ने मिलकर स्कूल की मूल सोसाइटी को हड़पने की साजिश रची। इस षड्यंत्र के तहत 10 जून 2006 को अनिल मल की अध्यक्षता में एक फर्जी सोसाइटी का गठन दिखाया गया, जिसमें रेबेका लाल को प्रबंधक और दस अन्य को पदाधिकारी बनाया गया। बाद में अनिल मल ने शपथपत्र देकर साफ कर दिया कि उनका इस सोसाइटी से कोई लेना-देना नहीं था।

इस मामले में उपनिबंधक फर्म, सोसाइटी एंड चिट फंड, आगरा ने 14 अगस्त 2007 को आदेश जारी कर उक्त सोसाइटी को फर्जी और अवैध करार दिया था। बावजूद इसके, आरोपी पक्ष कथित रूप से अब भी इस अवैध संस्था के नाम पर काम कर रहे हैं और स्कूल की संपत्ति व प्रशासनिक अधिकारों पर कब्जा जमाने की कोशिश कर रहे हैं।

राजीव सरकार ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उनसे और उनके परिवार से जबरन धन की मांग कर रहे हैं और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। कहा गया कि अगर उन्हें स्कूल में हिस्सा नहीं दिया गया, तो वे अपनी राजनीतिक पकड़ का इस्तेमाल कर राजीव सरकार को जेल भिजवा देंगे।

शिकायत में यह भी दर्ज है कि इन लोगों ने पहले सिंडीकेट बैंक, शहजादी मंडी शाखा में फर्जी दस्तावेज जमा कर स्कूल का खाता अपने नाम पर कराने की कोशिश की थी।

शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी लगातार विभिन्न सरकारी विभागों में झूठी और भ्रामक शिकायतें कर संस्था की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह पूरा षड्यंत्र संस्थान को हड़पने और मानसिक उत्पीड़न के उद्देश्य से रचा गया है।

रकाबगंज थाना पुलिस ने उप प्रबंधक राजीव सरकार की तहरीर पर रेबेका लाल पत्नी बीपी लाल, बीपी लाल, शर्ली मोसिस पत्नी डॉ. आरडी मोसिस, रजत मोसिस पुत्र डॉ. आरडी मोसिस तथा चार-पांच अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

थाना प्रभारी रकाबगंज के अनुसार पुलिस दस्तावेजों की जांच और वित्तीय लेन-देन से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। साक्ष्य मिलने पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor