आगरा में छात्रा की फोटो एआई से अश्लील बनाई, गैंगरेप किया, फार्महाउस पर बंधक रखा, एक गिरफ्तार
आगरा। थाना सदर क्षेत्र में एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां कॉलेज छात्रा को एआई की मदद से अश्लील फोटो बनाकर ब्लैकमेल किया गया। गैंगरेप किया गया और दो लाख रुपये भी ऐंठे गए। पुलिस ने इस केस में एक आरोपी गजेन्द्र उर्फ गज्जू को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पांच आरोपी अब भी फरार हैं।
ब्लैकमेलिंग की शुरुआत छेड़छाड़ से हुई थी
पीड़िता ने सदर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि कॉलेज से आते-जाते समय गजेन्द्र और आकाश नाम के युवक उसे लगातार परेशान कर रहे थे। विरोध पर आरोपियों ने माफी मांगने के बहाने उसे रास्ते में रोका और फोटो खींच ली।
एआई से बनाई अश्लील फोटो, फिर दो लाख रुपए ऐंठे
फोटो लेने के बाद आरोपियों ने एआई तकनीक से उन्हें एडिट कर अश्लील बना दिया और छात्रा को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। डिलीट करने की शर्त पर छात्रा से दो लाख रुपये भी वसूल लिए, लेकिन इसके बाद भी धमकियां जारी रहीं।
नशीला पदार्थ पिलाकर किया दुष्कर्म, वीडियो भी बनाया
आरोपियों ने एक दिन पीड़िता को फोटो डिलीट करने के बहाने बुलाया, जहां उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दिया और दुष्कर्म किया। बाद में वीडियो बनाकर और धमकियां दी गईं।
बंधक बनाकर फार्महाउस ले गए, जान से मारने की कोशिश
छात्रा के पिता द्वारा शिकायत किए जाने पर आरोपी सुरेशचंद, दिनेश, रेवती प्रसाद और अन्य ने उन्हें गालियां दीं और पीटा। इसके बाद छात्रा को जबरन नैनाना जाट स्थित एक फार्महाउस पर बंधक बनाकर जान से मारने की कोशिश की गई।
पुलिस ने एक आरोपी किया गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
पुलिस ने मुख्य आरोपी गजेन्द्र सिंह पुत्र सुरेशचंद को रोहता नहर के पास से गिरफ्तार कर लिया है। फरार आरोपियों में आकाश, सुरेश चंद्र, दिनेश, रेवती प्रसाद और अमित शामिल हैं। एसीपी सदर हेमंत कुमार ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और जल्द उन्हें पकड़ा जाएगा।