आगराः सुडोकू की जंग में दिमागी दमखम, 512 प्रतिभागियों ने रचा इतिहास, 70 वर्षीय हीरा लखियानी बनीं प्रेरणा, रजत पदक जीत दिखाया मानसिक कौशल
आगरा। बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों में मानसिक एकाग्रता, तर्कशक्ति और समस्या समाधान क्षमता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से ब्रेन ओ ब्रेन संस्था द्वारा आयोजित तृतीय सुडोकू प्रतियोगिता का भव्य आयोजन बल्केश्वर स्थित सेंट एंड्रयूज पब्लिक स्कूल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में कुल 512 प्रतिभागियों ने उत्साह, अनुशासन और बौद्धिक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. सुशील गुप्ता विभव, डॉ. गिरधर शर्मा एवं ब्रेन ओ ब्रेन के डायरेक्टर राजीव खेतान द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. सुशील गुप्ता विभव ने कहा कि सुडोकू जैसी प्रतियोगिताएं बच्चों में धैर्य, एकाग्रता और तार्किक सोच को विकसित करती हैं, जो पढ़ाई के साथ-साथ जीवन की हर चुनौती में सहायक सिद्ध होती हैं। डॉ. गिरधर शर्मा ने कहा कि इस प्रकार की बौद्धिक गतिविधियां सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए लाभकारी हैं और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाती हैं।
ब्रेन ओ ब्रेन के डायरेक्टर अनुराग खेतान ने संस्था के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ब्रेन ओ ब्रेन बच्चों के मस्तिष्क विकास, आत्मविश्वास और निर्णय क्षमता को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
आगरा की सिटी कोऑर्डिनेटर कविता अग्रवाल ने प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता तीन श्रेणियों में आयोजित की गई। ग्रुप ए (कक्षा 2 से 4), ग्रुप बी (कक्षा 5 से 8) तथा ग्रुप सी (ओपन कैटेगरी), जिसमें कक्षा 9 से ऊपर के छात्र, अभिभावक एवं अन्य प्रतिभागियों ने भाग लिया।
ग्रुप ए और बी के शीर्ष तीन विजेताओं को नकद पुरस्कार प्रदान किए गए- प्रथम को 2500 रुपये, द्वितीय को 1500 रुपये और तृतीय को 1000 रुपये। इसके अतिरिक्त प्रतियोगिता के शीर्ष 25 प्रतिशत प्रतिभागियों को स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक प्रदान किए गए तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
ग्रुप सी (ओपन कैटेगरी) में प्रथम को 5000 रुपये, द्वितीय को 3000 रुपये तथा तृतीय को 2000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी गई।
प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित की गई, जिसमें सेमीफाइनल राउंड स्थानीय ब्रेन ओ ब्रेन सेंटर्स एवं स्कूलों में संपन्न हुए। प्रतियोगिता के दौरान ऑन द स्पॉट रूबी क्यूब प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसने बच्चों व अभिभावकों में विशेष उत्साह भर दिया।
इस आयोजन का सबसे प्रेरणादायक क्षण तब रहा, जब 70 वर्षीय हीरा लखियानी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर यह सिद्ध कर दिया कि सीखने और सोचने की कोई उम्र नहीं होती।
कार्यक्रम के समापन पर सभी विजेताओं को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में ओसवाल बुक्स का विशेष सहयोग रहा। व्यवस्थाओं का संचालन मथुरा की सिटी कोऑर्डिनेटर शशि चतुर्वेदी एवं आगरा के विभिन्न सेंटर्स की चयनिका अग्रवाल, आकांक्षा गुप्ता, आलोक चंद्र, मोहित गर्ग, रीना चंद्र, रूपाली सिंघल, शिव्या जैन, श्वेता बंसल, गिन्नी दयालानी, सपना, तृप्ति मित्तल और मीनू कोहली ने किया।
ये रहे प्रतियोगिता के विजेता
कैटेगरी ए में चैंपियन रिद्विक लखवानी, प्रथम रनर-अप एकीशा अग्रवाल और द्वितीय रनर-अप सानवी अग्रवाल रहे।
कैटेगरी बी में चैंपियन समृद्धि जिंदल, प्रथम रनर-अप रिधिका मंगल और द्वितीय रनर-अप वान्या मित्तल ने जीत दर्ज की।
कैटेगरी सी (ओपन कैटेगरी) में चैंपियन गुंजन गर्ग, प्रथम रनर-अप गुंजन जैन और द्वितीय रनर-अप शैफाली अग्रवाल विजेता रहीं।