आगरा के व्यापारियों ने उठाई नई लोहामंडी की मांग, मंदी से जूझ रहे कारोबारी

आगरा लोहा व्यापारी एसोसिएशन द्वारा शनिवार को दयालबाग स्थित ‘द ग्रांड सेलेब्रेशन रेसॉर्ट’ में दालवाटी भोज और साधारण सभा में लोहा व्यापारियों की मौजूदा स्थिति पर चर्चा करते हुए आगरा में नई लोहामंडी बनाने की मांग मुख्यमंत्री से की गई। बैठक में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया और लोहे के व्यापार को लेकर गंभीर चिंतन किया।

Jul 26, 2025 - 19:21
 0
आगरा के व्यापारियों ने उठाई नई लोहामंडी की मांग, मंदी से जूझ रहे कारोबारी
आगरा लोहा व्यापारी एसोसिएशन की शनिवार को हुई साधारण सभा में कारोबार को लेकर आ रही परेशानियों के बारे में बताते पदाधिकारी।

-ऑनलाइन ट्रेडिंग से व्यापार चौपट, सरकार से पेंशन, बीमा और लाइसेंस की भी मांग

व्यापार की हालत बद से बदतर

एसोसिएशन अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने कहा कि बीते छह माह से लोहा व्यापार अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है। ऑनलाइन ट्रेडिंग और कंपनियों द्वारा सीधे ऑर्डर बुकिंग की वजह से परंपरागत व्यापार ठप पड़ गया है। इससे जुड़े मजदूर और छोटे व्यापारी भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं। कंपनियों को चाहिए कि व्यापार और व्यापारियों के हित को देखते हुए ऑनलाइन ऑर्डर सिस्टम को बंद करें।

जीएसटी और एसआईबी से व्यापारी परेशान

महासचिव दिनेश अग्रवाल ने कहा कि जीएसटी के नाम पर छोटे व्यापारियों का उत्पीड़न हो रहा है। सरकार ने एक लाख करोड़ का कर संग्रह होने पर राहत का वादा किया था, लेकिन उल्टा एसआईबी की टीमें प्रतिष्ठानों पर दबिश देती रहती हैं। विभागीय कार्यवाहियों ने छोटे व्यापारियों की कमर तोड़ दी है।

नई लोहामंडी की मांग

दिनेश अग्रवाल ने यह भी कहा कि वर्तमान लोहामंडी अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में स्थित है, जिससे बड़े व्यापारी यहां आने से कतराते हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग है कि आगरा में एक नई, सुव्यवस्थित और भारी वाहनों की आवाजाही के अनुकूल लोहा मंडी की स्थापना कराई जाए।

सुरक्षा, पेंशन और बीमा की मांग

कोषाध्यक्ष राकेश गोयन ने कहा कि लोहा व्यापार भारी लेन-देन वाला व्यवसाय है, जिसमें सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं है। सरकार को चाहिए कि व्यापारियों को शस्त्र लाइसेंस, आजीवन पेंशन, और स्वास्थ्य बीमा जैसी सुविधाएं दे। यह सुविधा एक सम्मानजनक और सुरक्षित व्यापार वातावरण के लिए आवश्यक है।

बैठक में शामिल हुए ये लोहा व्यापारी

इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेन्द्र मंगल, अंजुल जैन, संजय गोयल, आशीष अग्रवाल, मोहित गोयल, सिद्धार्थ जैन, गिरीश मंगल, विपुल जैन, मनोज जैन, पदम अग्रवाल, पवन गोयल, रामसेवक गोस्वामी, उमेश अग्रवाल, नवीन अग्रवाल, योगेश अग्रवाल, शिवम् अग्रवाल, गिरीश गर्ग आदि व्यापारी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor