आगरा के व्यापारी नई जीएसटी दरों पर ही करेंगे कारोबार, व्यापार मंडल की संगोष्ठी में लिया संकल्प

आगरा व्यापार मंडल द्वारा आयोजित नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफार्म जागरूकता गोष्ठी में शहर के व्यापारियों ने संकल्प लिया कि व्यापार अब जीएसटी की नई दरों के अनुरूप होगा। कार्यक्रम में कर विशेषज्ञों और जीएसटी अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नई व्यवस्था न केवल सरकार को मजबूत करेगी, बल्कि कारोबारियों के लिए व्यापार को और सरल व पारदर्शी भी बनाएगी।

Sep 25, 2025 - 18:35
 0
आगरा के व्यापारी नई जीएसटी दरों पर ही करेंगे कारोबार, व्यापार मंडल की संगोष्ठी में लिया संकल्प
आगरा व्यापार मंडल द्वारा आयोजित नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफार्म जागरूकता गोष्ठी में मौजूद जीएसटी के अधिकारी और व्यापार मंडल के पदाधिकारी।

आगरा। कर सुधारों की नई दिशा अब व्यापार जगत के लिए अवसर बनकर सामने आ रही है। आगरा व्यापार मंडल की ओर से कमला नगर स्थित दाऊजी रेस्टोरेंट में आयोजित नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफार्म जागरूकता गोष्ठी में व्यापारियों और अधिकारियों ने यह संकल्प लिया कि सामान अब नई जीएसटी दरों पर ही बेचा जाएगा।

गोष्ठी का शुभारंभ दिव्य प्रेम सेवा मिशन के डॉ. आशीष गौतम (भैयाजी) ने किया। इस अवसर पर उन्होंने 4 से 9 अक्टूबर तक आयोजित होने जा रहे महानाट्य जाणता राजा की जानकारी भी दी।

मुख्य वक्ता जीएसटी अपर आयुक्त ग्रेड-वन पंकज गांधी ने कहा कि नई दरों का अनुपालन अनिवार्य है और यह सभी के हित में है। उन्होंने विश्वास जताया कि व्यापारी नई दरों पर ही सामान बेचकर कर व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग करेंगे।

इस दौरान अपर आयुक्त ग्रेड-टू अंजनी अग्रवाल और संयुक्त आयुक्त प्रमोद कुमार दुबे ने भी व्यापारियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। कर विशेषज्ञ संजेव महेश्वरी एवं सतीश बंसल ने कहा कि नए प्रावधान व्यापारिक जगत को सुविधा देंगे और अनुपालन की प्रक्रिया और अधिक आसान हो जाएगी।

आगरा व्यापार मंडल अध्यक्ष टी.एन. अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों को समय-समय पर कर सुधारों की सटीक जानकारी मिलना जरूरी है। आगरा के व्यापारी सदैव सरकार व विभाग के साथ सहयोग की भावना रखते हैं और आगे भी नई दरों के अनुसार ही व्यापार करेंगे।

गोष्ठी के उपरांत जीएसटी अधिकारियों और व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कमला नगर बाजार का भ्रमण किया और दुकानदारों को नई दरों व प्रावधानों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम का संचालन जय पुरसनानी और राजीव गुप्ता ने किया। इस अवसर पर कमला नगर व्यापार संगठन समिति की ओर से अध्यक्ष अमित अग्रवाल पारुल, महासचिव पुनीत मदान, उपाध्यक्ष संतोष मित्तल, कोषाध्यक्ष उमेश अरोड़ा, सहसचिव आनंद अग्रवाल एवं अनीश कालरा द्वारा नए जीएसटी प्रावधानों के पेम्प्लेट्स वितरित किए गए।

गोष्ठी में प्रमुख रूप से महामंत्री अशोक मंगवानी, संगठन महामंत्री राकेश बंसल, कोषाध्यक्ष नीतेश अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कन्हैया लाल राठौर, भगवानदास बंसल, बृज मोहन रैपुरिया, उपाध्यक्ष संदीप गुप्ता, अशोक लालवानी, साहूकार सिंह चाहर, राजेंद्र गुप्ता, योगेश रखवानी, नंदकिशोर गोयल, मनीष बंसल के अलावा ताजगंज व्यापार समिति, आगरा सर्राफा एसोसिएशन, आगरा फार्मा संगठन, सीताराम मशीनरी मार्केट, लोहा व्यापार संगठन, महानगर केमिस्ट एसोसिएशन सहित अनेक संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor