आगरा में प्रसूता की मौत पर बवाल, डिलीवरी के बाद बिगड़ी हालत, रेफर करने में लापरवाही का आरोप

आगरा। आगरा के ट्रांसयमुना थाना क्षेत्र स्थित महादेव हॉस्पिटल में उपचार के दौरान 28 वर्षीय प्रसूता डॉली की मौत का मामला सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों के अनुसार डॉली को पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकीय देखरेख में शाम के समय उसने एक पुत्र को जन्म दिया, लेकिन इसके कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।

Dec 17, 2025 - 15:21
 0
आगरा में प्रसूता की मौत पर बवाल, डिलीवरी के बाद बिगड़ी हालत, रेफर करने में लापरवाही का आरोप
अस्पताल के बाहर डौली के परिजन विलाप करते हुए।

आगरा। आगरा के ट्रांसयमुना थाना क्षेत्र स्थित महादेव हॉस्पिटल में उपचार के दौरान 28 वर्षीय प्रसूता डॉली की मौत का मामला सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों के अनुसार डॉली को पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकीय देखरेख में शाम के समय उसने एक पुत्र को जन्म दिया, लेकिन इसके कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।

परिजनों का आरोप है कि हालत गंभीर होने के बावजूद समय पर उचित उपचार नहीं किया गया। स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल प्रबंधन ने उसे सिकंदरा स्थित एक अन्य अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान डॉली ने दम तोड़ दिया।

प्रसूता की मौत से आक्रोशित परिजनों ने महादेव हॉस्पिटल के संचालक और स्टाफ पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर शव रखकर जोरदार हंगामा किया। परिजनों का कहना था कि यदि समय रहते बेहतर इलाज और विशेषज्ञ चिकित्सक की व्यवस्था की जाती तो डॉली की जान बचाई जा सकती थी।

घटना की सूचना मिलते ही ट्रांसयमुना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। पुलिस ने हालात को काबू में करते हुए मामले की जांच का भरोसा दिलाया। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है और अस्पताल प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर निजी अस्पतालों में इलाज की गुणवत्ता और प्रसूता सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।