आगराः सीता मैया के मेहंदी महोत्सव में गूंजे भक्ति और श्रृंगार के स्वर, उल्लास से महकी जनकपुरी

आगरा में मंगलवार शाम महाराजा अग्रसेन सेवा सदन भक्ति और उल्लास का अद्भुत केंद्र बना, जब जनकपुरी महिला समिति ने जगत जननी माता जानकी की मेहंदी रस्म का भव्य आयोजन किया। “सीता मैया आई मेहंदी रचाने बधाई बाज रही...” जैसे भक्ति गीतों की सुरलहरियों, सजी-धजी पालकी में सिया स्वरूप के आगमन और महिलाओं के श्रृंगार-गीतों ने ऐसा वातावरण रचा मानो संपूर्ण मिथिला नगरी जनकपुर की पावन परंपराओं को साकार कर रही हो।

Sep 16, 2025 - 18:27
 0
आगराः सीता मैया के मेहंदी महोत्सव में गूंजे भक्ति और श्रृंगार के स्वर, उल्लास से महकी जनकपुरी
महाराजा अग्रसेन सेवा सदन में सीता मैया के मेहंदी उत्सव की एक झलक।

कमला नगर के महाराजा अग्रसेन मार्ग स्थित महाराजा अग्रसेन सेवा सदन में जनकपुरी महिला समिति द्वारा आयोजित मेहंदी और महिला संगीत कार्यक्रम भक्ति, संस्कृति और उल्लास का अनोखा संगम साबित हुआ। मंगल गीतों से शुरू हुई महफ़िल में जब माता जानकी का स्वरूप पालकी में बिठाकर मुख्य मंच तक लाया गया, तो ढोल-नगाड़ों और गीतों की धुनों पर उपस्थित जनसमूह झूम उठा। इस अवसर पर चंद्रवीर फौजदार, तपन अग्रवाल और अभिषेक कपूर ने सिया स्वरूप को लाने-ले जाने का दायित्व निभाया।

महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सजकर गीत-संगीत और नृत्य प्रस्तुत किए। लोकधुनों पर गाए गए भक्ति गीतों ने सभागार का वातावरण पावन बना दिया। जनक नंदिनी मेहंदी रस्म ग्रुप, डांस रानीज़ ग्रुप, सिया सखियां और लाड़ली सीता जी की मंगल टोली की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

राजा जनक राजेश अग्रवाल, महारानी सुनयना श्रीमती अंजू अग्रवाल, अनुराज अग्रवाल, पलक अग्रवाल, पर्व अग्रवाल, मलाइका अग्रवाल, समिति की अध्यक्ष सीमा अग्रवाल, सचिव प्रियंका अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मीनू त्यागी, सह-कोषाध्यक्ष श्वेता बंसल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष चारु गर्ग, उपाध्यक्ष अंजू अग्रवाल, सोनिया शर्मा, मोहिनी गोयल, रिचा मांगलिक, साधना अग्रवाल, नीलम अग्रवाल और मोनिका अग्रवाल सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।

राजा जनक राजेश अग्रवाल (रसोई रत्न) और महारानी अंजू अग्रवाल ने कहा कि मेहंदी केवल श्रृंगार का नहीं, बल्कि रामायण की स्मृतियों से जुड़ा पावन उत्सव है। जैसे माता सीता ने प्रभु श्रीराम के नाम को अपने हाथों की मेहंदी में बसाया, वैसे ही यह कार्यक्रम भक्ति, प्रेम और एकता का संदेश देता है।

कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक राम नाम के जयघोष से पूरा सभागार गूँज उठा। दीपों की ज्योति और पुष्पों की सुगंध ने इस आयोजन को अविस्मरणीय बना दिया।

SP_Singh AURGURU Editor